कानपुर। शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना पुलिस के साथ हम सब की भी जिम्मेदारी है। सभी की सक्रियता और सामूहिक भागीदारी से ही यातायात व्यवस्था बेहतर होगी। यह बात सीपी रघुबीर लाल ने सोमवार को ट्रैफिक लाइन में यातायात माह का शुभारंभ करने के दौरान दीप प्रज्जवलित करते हुए कही। कार्यक्रम के दौरान सीपी ने स्कूली छात्रों, एनसीसी कैडेट, यातायात पुलिसकर्मियों की बाइक और ई-रिक्शा रैली को हरी झंडी दिखाई।
यातायात माह शुभारंभ के मौके पर डीसीपी यातायात रवींद्र कुमार ने कहा कि समय के साथ बढ़ते वाहन, संकरी सड़कें और नियमों की अनदेखी यातायात व्यवस्था को बिगाड़ रही हैं। ऐसे में हर नागरिक यातायात नियमों का गंभीरता से पालन करें। यातायात माह के पहले दिन पुलिस विभाग द्वारा विशेष अभियान की शुरुआत की गई। इस दौरान ट्रैफिक पुलिस के जवानों ने लोगों को समझाया कि मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाना, लालबत्ती पार करना या तेज गति से गाड़ी चलाना जुर्म है।
......
नाबालिग को वाहन तो अभिभावक का चालन
इस बार विशेष ध्यान नाबालिग वाहन चालकों पर रहेगा। बिना लाइसेंस गाड़ी चलाने वालों के अभिभावकों पर भी कार्रवाई की जाएगी। वहीं स्कूली छात्रों ने नुक्कड़ नाटक और पोस्टर प्रदर्शनी के जरिये सड़क सुरक्षा का संदेश दिया। अखंड हिंद फौज समेत और कई स्वयंसेवी संस्थाओं ने भी इस अभियान में सहयोग देने की घोषणा की। उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था आशुतोष कुमार, संयुक्त पुलिस आयुक्त अपराध एवं मुख्यालय विनोद कुमार सिंह, एडीसीपी अर्चन सिंह, डीसीपी सेंट्रल श्रवण कुमार आदि मौजूद रहे।