कानपुर। बर्रा-आठ निवासी मनोज कुमार के घर चोरी करने वाले किरायेदार गौरव उत्तम और उसके साथी दीपक विश्वकर्मा को गुजैनी पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को कैंधा पुल के पास नहर किनारे से पकड़ा गया है। आरोपियों के पास से पांच लाख के जेवर और 30 हजार रुपये बरामद हुए हैं। दोनों आरोपी फतेहपुर के जहानाबाद के पुरनपुर के रहने वाले हैं।
डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि मनोज ने शक के आधार पर किरायेदार गौरव के खिलाफ छह अगस्त को चोरी की रिपोर्ट लिखाई थी। किरायेदार गौरव ने वारदात को अंजाम देने के बाद कमरा खाली कर दिया था। मनोज की बेटी वर्षा ने जब एक कार्यक्रम में जाने के लिए जेवर ढूंढे तो उसे चोरी का पता चला। इसके बाद पता चला कि गौरव इन दिनों नौबस्ता केस्को सबस्टेशन के पास बहन के घर रह रहा है। पुलिस ने उसे कैंधा पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसने पहले मकान मालिक के परिवार का विश्वास जीता फिर अलमारी की चाबी उठा गहने और नकदी पार कर दी। गौरव पर सजेती थाने से पॉक्सो और आइटी एक्ट के रिपोर्ट दर्ज है।