कानपुर। विकासनगर स्थित सिग्नेचर ग्रीन्स सिटी बस अड्डे से शुक्रवार शाम परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने 101 नई बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह आयोजन सुबह 12 बजे होना था और तैयारी भी पूरी कर ली गई थी लेकिन परिवहन मंत्री शाम साढ़े पांच बजे पहुंचे। इस वजह से रक्षाबंधन के एक दिन पहले महिलाओं को इन नई बसों में सफर करने का मौका नहीं मिल सका।
सिग्नेचर सिटी बस अड्डे पर सुबह से ही तैयारियां कर ली गई थी। नई बसों को गुब्बारे व फूल से सजाकर खड़ा किया गया था। मंत्री दयाशंकर सिंह के साथ एमएसएमई मंत्री राकेश सचान शाम साढ़े पांच बजे आयोजन स्थल पहुंचे और नई बसों को हरी झंडी दिखाई। इन नई बसों का संचालन इटावा, वाराणसी, चित्रकूट, मुरादाबाद, हरदोई, अयोध्या, देवीपाटन, अलीगढ़ व लखनऊ में किया जाएगा। इटावा, वाराणसी, मुरादाबाद, हरदोई, देवीपाटन, अलीगढ़ व लखनऊ में 10-10 बसें, अयोध्या को 15 व चित्रकूट को 20 बसों की सौगात मिली है। कार्यक्रम में विधायक नीलिमा कटियार, गोविंदनगर विधायक सुरेंद्र मैथानी, सरोज कुरील, रोडवेज के प्रबंध निदेशक मासूम अली सरवर, क्षेत्रीय प्रबंधक महेश कुमार सहित डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक भी मौजूद रहे।
बसों को रूट पर उतारने की जल्दी में अधिकारियों ने परिवहन नियमों की अनदेखी की। नई बसों में बिना हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) और खाली फर्स्ट एड बाक्स के साथ रूट पर भेज दिया गया। साथ ही आगे रूट का नाम भी नहीं लिखा गया था।
वर्जन
एचएसआरपी की बुकिंग हो चुकी है, एक सप्ताह में एचएसआरपी लग जाएगी। फर्स्ट एड बाक्स खाली रहने की जानकारी नहीं है।
-महेश कुमार, क्षेत्रीय प्रबंधक