कानपुर देहात। मैथा तहसील परिसर के बाहर बने चेंबर गिराए जाने का चौथे दिन भी अधिवक्ताओं ने विरोध किया। हड़ताल किए जाने से तहसील आए वादकारियों को परेशान होकर लौटना पड़ा। वहीं बैनामा का काम भी नहीं हुआ।
लायर्स एसोसिएशन मैथा अध्यक्ष भूपेंद्र यादव व महामंत्री कुलदीप के नेतृत्व में अधिवक्ता हड़ताल पर हैं। अधिवक्ता लगातार एसडीएम को हटाए जाने की मांग कर गिराए गए चेंबर बनवाने की मांग कर रहे हैं। इधर शनिवार को अधिवक्ता जिलाधिकारी आलोक कुमार सिंह को ज्ञापन देने पहुंचे। यहां पर भी कार्रवाई की मांग रखी। अध्यक्ष भूपेंद्र यादव ने कहा कि अधिवक्ता आखिरी सांस तक लड़ेंगे।
महामंत्री कुलदीप ने बताया प्रशासन से अभी तक इस मामले में संतोष जनक जवाब नहीं मिला है। इस लिए अधिवक्ता अनवरत हड़ताल जारी रखेंगे। इस दौरान पूर्व लायर्स एसोसिएशन मैथा अध्यक्ष सुधीर सिंह भदौरिया, प्रेमचंद्र वर्मा, उमाकांत त्रिपाठी, मोनू पांडेय, देवेंद्र त्रिपाठी, नेहा शुक्ला आदि रहीं।