माती रोड पर सड़क घेर कर खड़े ऑटो व ई-रिक्शा।
- फोटो : संवाद
कानपुर देहात। नगर में सबसे अधिक भीड़ वाले नमस्ते चौराहे (अकबरपुर ओवरब्रिज चौराहा) पर सिटी बस व ऑटो खड़ी कर सवारी बैठाने की समस्या खत्म नहीं हो रही है। इससे अक्सर जाम की समस्या बनी रहती है। नगर पंचायत ने करीब डेढ़ करोड़ रुपये खर्च कर सिटी बस व ऑटो के लिए अलग-अलग स्टैंड बनाए हैं। इसके बावजूद भी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है।
माती मार्ग पर जिला मुख्यालय सहित मेडिकल कालेज, तहसील के अलावा न्यायालय है। यहां इलाज व कलक्ट्रेट के साथ अन्य कार्यों के लिए प्रतिदिन रूरा व अन्य स्थानों से लोग पहुंचते हैं। मार्ग पर आने जाने वालों की भीड़ सुबह से देर शाम तक रहती है। सवारी बैठाने के चक्कर में ऑटो व बस चालक सड़क घेर कर खड़े हो जाते हैं। इससे रुक-रुक कर जाम की समस्या होती है और राहगीरों को समस्या का सामना करना पड़ता है।
................
दो दिन चला अभियान, फिर सब ठंडे बस्ते में
अभी तीन पहले ही यातायात पुलिस ने नो-पार्किंग जोन में खड़े होने वाले वाहनों के खिलाफ अभियान चलाकर करीब 40 ऑटो व ई-रिक्शा का चालान किया था। लेकिन दो दिन बाद ही सब ठंडे बस्ते में चला गया है और एक बार फिर से सवारी बैठाने के लिए ऑटो वाले यहां खड़े होने लगे। जबकि अंडरपास के नीचे यातायात पुलिस कर्मी आराम फरमाते रहते हैं।
.................
वर्जन
नो-पार्किंग जोन में खड़े होने वाले वाहनों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही ऑटो व सिटी बस चालकों को स्टैंड पर वाहनों को खड़ा करने के लिए बोला गया है। इसके बाद भी अगर इनमें सुधार नहीं होता है, तो ऐसे वाहनों को सीज करने की कार्रवाई की जाएगी। - राम बहादुर सिंह, यातायात प्रभारी