कानपुर देहात। पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब की यौम-ए-पैदाइश (बारावफात ) पर बुधवार को शहर, कस्बों और गांवों में नात-ओ-कलाम के बीच जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। ईद मिलादुन्नबी के रूप में मनाई यौम-ए-पैदाइश पर फूल-मालाओं से जुलूस का इस्तकबाल किया गया। जुलूस के दौरान जगह-जगह अकीदतमंदों ने लंगर में शिरकत की। सुरक्षा को लेकर चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल मौजूद रहा।
जोहर की नमाज के बाद अकबरपुर में माती रोड पर जुलूस-ए-मोहम्मदी का आगाज हुआ। बदलापुर से उठा जुलूस पारंपरिक तरीके से अकबरपुर पहुंचा। यहां जगह-जगह स्वागत किया गया। शहर काजी उवैस रजा अख्तर की अगुवाई में जुलूस सदर बाजार के रास्ते हरीगंज, कालीगंज, मेवाती मोहाल के रास्ते विभिन्न स्थानों से निर्धारित स्थल पहुंचा। नबी की शान में दीवानों ने कसीदे पढ़े। पत्ती-पत्ती फूल-फूल या रसूल या रसूल की सदाएं गूंजती रहीं। राजनीतिक दलों के लोगों, व्यापारियों और अंजुमन कमेटी के लोगों ने जुलूस में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय, एएसपी आलोक प्रसाद, सीओ सदर संजय सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। यहां कासिम अली, हाजी अबरार, शेखू खान, पप्पू कुरैशी आदि लोग शामिल रहे।
......................
सिकंदरा में रसूल के दीवानों ने लहराया सब्ज परचम
सिकंदरा। तेज हवा और बारिश के साथ बुधवार सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे। बारिश के बीच लोग जोहर की नमाज अदा करने के बाद हाथों में सब्ज परचम (हरे रंग का झंडा) लेकर घरों से निकल पड़े। सरकार की आमद मरहबा के नारे लगाते हुए लोग झूमते रहे। अकीदत के इस सैलाब को देखने वाले भी तहे दिल से इस्तकबाल कर रहे थे। यहां एसडीएम ऊषा सिंह, तहसीलदार दीपक कुमार, नायाब तहसीलदार अनिरुद्ध कुमार, सीओ सौरभ कुमार, प्रभारी निरीक्षक सुधाकर सिंह के अलावा जुलूस-ए-मोहम्मदी में शाही जामा मस्जिद कमेटी के सदर मोहम्मद अजीम खान, परवेज कुरैशी, असलम राईन, सभासद मेहराज अंसारी आदि मौजूद रहे। (संवाद)
......................
राजपुर में जुलूस-ए-मोहम्मदी में हुई फूलों की बारिश
राजपुर। कस्बे में अकीदत के साथ ईद मिलाद-उन-नबी पर्व मनाया गया। इस दौरान तय मार्ग से जुलूस-ए-मोहम्मदी धूमधाम से निकाला गया। जुलूस में शामिल लोगों पर फूलों की बारिश की गई। जुलूस में शामिल मौलाना अनीसुर्रहमान, मौलाना अजमत अली ने लोगों को नेक रास्ते पर चलने की हिदायत दी और हदीस की रौशनी में पैगाम-ए-मुस्तफा सुनाकर शांति का पैगाम दिया। मुल्क में अमन चैन और भाईचारा के लिए दुआ की गई। हर तरफ रसूल की आमद हुजूर की आमद की याद में नाते पाक पढ़ी जा रही थी। जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए थानाध्यक्ष सूर्य प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। वहीं, मूसानगर में मुख्य मस्जिदों से शुरू होकर जुलूस कस्बे के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। इस दौरान पूरे कस्बे को झंडियों और बैनरों से सजाया गया था। (संवाद)
......................
फोटो-29- झींझक में जुलूस निकालते शहर काजी यूसुफ रजा कादरी व अन्य। संवाद
झींझक। पैगंबर हजरत मोहम्मद के जन्मदिन के अवसर पर बुधवार को झींझक नगर में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने जुलूस निकालकर उत्सव मनाया। जुलूस में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। नगर के विभिन्न मार्गों से निकले जुलूस में लोगों ने पैगंबर हजरत मोहम्मद के संदेशों को याद करते हुए भाईचारे और आपसी सौहार्द का संदेश दिया। जुलूस निर्धारित मार्गों से होकर गुजरा। जुलूस में शहर काजी यूसुफ रजा कादरी ने आपसी भाई चारा अपनाने का संदेश दिया। जुलूस के दौरान नगर में उत्सव जैसा माहौल रहा। संवाद
......................
फोटो-30-संदलपुर जलूस के दौरान लंगर बांटते लोग। संवाद
संदलपुर। कस्बे में बुधवार को जश्ने ईद मिलादुन्नबी पर संदलशाह बाबा की मजार पर रात्रि में जलसे का आयोजन किया। इसके बाद सुबह डीजे की धुन पर जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। जुलूस संदलशाह बाबा की मजार से चलकर मुख्य सड़क से होते हुए संदलशाह बाबा की मजार पर आकर समाप्त हो गया। इसके बाद कबीरुलहसन के आवास पर लंगर वितरित किया गया। इस मौके पर इरफान अली उर्फ पप्पू,सैफ खान,तालिब,फहीम कुरैशी, नईमुद्दीन ,जाहिद,शानू उपस्थित थे। बता दें कि डेरापुर, शिवली, मैथा और रूरा में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। (संवाद)
......................
फाेटो-33- जानकारी देते पेश इमाम हाजी अब्दुल रऊफ खान बकाई। संवाद
नगर के कई मोहल्लों से निकला जुलूस
रसूलाबाद। बारह रबी उल अव्वल के मौके पर नगर के कई मोहल्लों के जुलूस प्रमुख चौराहा पर एकत्र हुए। इससे पहले लहरापुर रोड पठान मोहाल से जुलूस का आगाज हुआ। मुख्य चौराहा से होते हुए हजरत गुलपीर शाह के आस्ताने पर जुलूस का मजमा इकट्ठा हुए। जहां से विभिन्न वार्डों और बस्तियों के लिए जुलूस रवाना हुआ। जुलूस नेहरू नगर से होते हुए बेला मार्ग कबीर नगर हजरत गुलपीर शाह बाबा की मजार से होते हुए मुख्य चौराहा से झींझक रोड तिराहा आजाद नगर होते हुए कानपुर रोड विकास नगर पहुंचा। जामा मस्जिद के पेश इमाम हाजी अब्दुल रऊफ खान बकाई ने बताया कि जब हुजूर दुनिया में तशरीफ लाए तो जीने का सलीका हमने सीखा। उनकी हर अदा से हम सबका जीवन संवर गया है। हुजूर की सुन्नत के मुताबिक जिंदगी गुजारने से दीनी व दुनियाबी कामयाबी मिलेगी। यहां हाजी महताब खान, मौलाना गुलाम मुरसलीन, हाफिज अकरम, मुईन खान, मुंशाद, नवाज़ शरीफ़, सपा नेता हाजी फैजान खान, अकील अहमद पट्टा, हाजी आफताब आलम आदि मौजूद रहे। (संवाद)