कानपुर देहात। माती कोर्ट भवन के मुख्य गेट पर मास्क की जगह अंगौछा लगाकर आए युवक को सिपाही ने शुक्रवार को सीढ़ी से धक्का दे दिया। नीचे गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट आ गई, जिससे वह बेहोश हो गया। युवक करीब आधे घंटे सीढ़ी के पास पड़ा रहा। इस दौरान मौके पर भीड़ लग गई। इसके बाद एंबुलेंस से उसे जिला अस्पताल भेजा गया।
कोर्ट भवन के अंदर मास्क लगाकर ही जाने की अनुमति है। भवन के मुख्य गेट पर पुलिस कर्मी तैनात रहते हैं। शुक्रवार को रसूलाबाद के संजय नगर कहिंजरी निवासी जयवीर हत्या के प्रयास के मामले में वारंट रिकॉल कराने न्यायिक अधिकारी प्रथम की कोर्ट जा रहा था। जयवीर के अधिवक्ता पवनेश कुमार शुक्ला ने बताया कि उसका मुवक्किल मास्क की जगह अंगौछा बांधे था।
सिपाही ने अंगौछा खींचने के बाद सीढ़ी से धक्का दे दिया। इससे वह सिर के बल गिरकर गंभीर रुप से घायल हो गया। करीब आधे घंटे वह बेहोशी के हालत में सीढ़ियों के पास पड़ा रहा। अधिवक्ता ने एंबुलेंस बुलाकर उसकी मां राम सिया के साथ उसे जिला अस्पताल भेजा। वहां युवक का उपचार किया गया।
अधिवक्ता पवनेश कुमार शुक्ला ने बताया कि मामले की शिकायत जिला जज से की गई है। साथ ही घटना की प्रमाणिकता के लिए सीसीटीवी फुटेज मांगे गए हैं। आरोपी सिपाही पर कार्रवाई की मांग के लिए जिला बार एसोसिएशन को भी पत्र सौंपा गया है। माती कचहरी चौकी इंचार्ज बाबूलाल तिवारी ने बताया कि युवक पैर फिसलने से गिर गया था इससे उसका ब्लड प्रेशर बढ़ गया था। उसे एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया है।