कानपुर देहात। शिवली थाना पुलिस की मंगलवार रात केसरी निवादा-रामपुर मार्ग पर बाइक सवार लुटेरे से मुठभेड़ हो गई। इसमें गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। उसके पास से तमंचा, कारतूस व महिला से लूटा बाला मिला है।
सीओ रसूलाबाद आलोक कुमार ने बताया कि शिवली थाना क्षेत्र के हरदियानाला गांव के बाहर 24 मई की सुबह उपले पाथ रही महिला से बाइक सवार दो बदमाशों ने बाला लूट लिए थे। मंगलवार को पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बाइक व लूटा गए बाला के साथ राजपुर थाना क्षेत्र के जल्लापुर सिकंदरा निवासी इस्माइल को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में इस्माइल ने वारदात में ब्रह्मनगर अकबरपुर निवासी राहुल का शामिल होना बताया था। इस पर पुलिस उसकी तलाश में सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। मंगलवार रात को पुलिस ने केसरी निवादा-रामपुर मार्ग पर बाइक सवार राहुल को रोकने का प्रयास किया। इस पर वह बाइक मोड़कर भागने लगा।
बाइक अनियंत्रित होकर गिर जाने पर राहुल ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की ओर की गई कार्रवाई में पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। उसके पास से महिला से लूटा गया एक बाला, तमंचा, दो कारतूस, बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद की गई है। घायल का इलाज करवाया गया है।
सीओ ने बताया कि आरोपी राहुल के खिलाफ कानपुर देहात, कानपुर नगर, फतेहपुर आदि जिलों में कुल 20 आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसे कोर्ट में पेश किया गया है। वहां से उसे जेल भेजा गया है। (संवाद)