कानपुर। डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने औचक निरीक्षण में गायब मिले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ग्वालटोली के मेडिकल अफसर समेत तीन स्वास्थ्यकर्मियों का वेतन काटे जाने का आदेश किया है। अनुपस्थित कार्मिकों का एक दिन का वेतन कटेगा और मेडिकल अफसर का अक्तूबर का वेतन रोका गया है।
शनिवार सुबह 10:40 पर डीएम नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ग्वालटोली पहुंचे। उन्होंने उपस्थिति पंजिका की जांच की तो मेडिकल ऑफिसर डॉ. पल्लवी चौरसिया, बीएसडब्लू अर्पित दीक्षित तथा नितिन कुमार अनुपस्थित मिले। स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात एक अन्य चिकित्सक डॉ. शिवाय गुप्ता आकस्मिक अवकाश पर थे। डीएम ने ओपीडी रजिस्टर की जांच की जिसमें स्पष्ट हुआ कि 29 सितंबर के बाद एक भी मरीज की ओपीडी दर्ज नहीं की गई। इस पर डीएम ने नाराजगी व्यक्त की।
डीएम ने वैक्सीन भंडारण केंद्र एवं औषधि वितरण केंद्र का भी निरीक्षण किया। कुछ मरीजों ने अस्पताल के पैथोलॉजिस्ट के अवकाश पर होने की वजह से जांच नहीं होने की शिकायत की। डीएम ने पास के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से पैथोलॉजिस्ट को तत्काल बुलाकर जांच किए जाने का निर्देश दिया। ब्यूरो