कानपुर देहात। रूरा से अकबरपुर तक करीब 12 किलोमीटर लंबाई में बीते 10 दिन पहले बनी सड़क नरिहा व मुक्तापुर के पास उखड़ गई है। इससे सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं।
पांच साल पूरे होने पर रूरा से अकबरपुर मार्ग के नवीनीकरण की मंजूरी मिली। करीब 3.5 करोड़ की लागत से लगभग 12 किलोमीटर लंबाई की सड़क का निर्माण कराया गया है। सड़क बनाने में डाली गई डामर मिक्स बजरी की मोटाई 30 मिमी रखने की शर्त थी। इधर बनने के 10 दिन बाद ही सड़क नरिहा व मुक्तापुर के पास उखड़ गई है। लोगों का कहना है कि रात 10 बजे से सुबह सात बजे तक इस मार्ग पर मौरंग व गिट्टी लेकर डंपर व ट्रक निकलते हैं। इसकी वजह से सड़क का गुणवत्तापूर्ण निर्माण जरूरी है।
आरोप लगाया कि सड़क की गुणवत्ता ठीक नहीं है ऐसे में मौरंग व गिट्टी लदे डंपर व ट्रक निकलेंगे और कुछ दिन बाद बारिश होगी तो पूरी सड़क उखड़ जाएगी। विनोद कुमार, आशीष व अश्वनी ने बताया कि नवीनीकरण में बनी सड़क उखड़ने से गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। अब उखड़ी सड़क वाले हिस्से में पैचवर्क कराया जाएगा। यदि पैचवर्क की कराना था तो करीब साढ़े तीन करोड़ खर्च की जरूरत नहीं थी।
.................
बयान
अकबरपुर-रूरा मार्ग की सड़क मानक के अनुसार बनाई गई है। नरिहा के पास दो जगह सड़क उखड़ने की जानकारी मिली है। ठेकेदार को बता दिया गया है। जल्द ही सड़क की मरम्मत करा दी जाएगी। - साहिब ए आलम, सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग