डेरापुर। पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविद के पैतृक गांव परौंख में नालियों की सफाई न होने से सड़क पर जलभराव की समस्या बनी हुई है। इससे डामरीकृत मार्ग पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। इनमें पानी भरा होने से राहगीरों और स्कूली बच्चों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
गांव के मुख्य बाजार से मंगलपुर-डेरापुर मार्ग की ओर जाने वाले रास्ते पर विवेक के दरवाजे से बउवा भदौरिया के घर तक नालियों की सफाई नहीं हुई है। जलनिकासी न होने से गंदा पानी सड़क पर जमा हो रहा है। गड्ढों में पानी भरा होने के कारण उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। इससे पैदल राहगीरों के साथ साइकिल और बाइक सवार भी गिरकर चोटिल हो रहे हैं।
ग्रामीण गोपाल कृष्ण, राहुल, विवेक और बउवा ने बताया कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है। कई बार परेशानी का सामना करना पड़ता है, लेकिन अब तक समाधान नहीं हुआ है। एडीओ पंचायत अश्वनी कुमार ने बताया कि ग्राम प्रशासक संग्राम सिंह और पंचायत सचिव विष्णु गुप्ता को समस्या का निस्तारण कराने के लिए कहा गया है। रोस्टर के अनुसार नालियों की सफाई कराने के भी निर्देश दिए गए हैं।