कानपुर देहात। रूरा-अकबरपुर मार्ग की खराब हुई सड़क दो दिन पहले दो जगह पर ठीक कराई गई है। इधर कई जगह और सड़क खराब हो गई है। बिटुमिन की ऊपरी परत दबकर फिसल गई है। दो स्थानों पर रटिंग (बिटुमिन सतह दबने से बनी नाली ) हो गई है। माती मुख्यालय को जोड़ने वाली यह सड़क करीब 20 दिन पहले ही बनाई गई है। करीब 3.5 करोड़ खर्च हुए हैं। कानपुर के ठेकेदार ने काम कराया है। बीते दिनों नरिहा से लेकर मुक्तापुर तक कई जगह सड़क खराब हो गई। इसमें नरिहा मोड के पास सड़क की डाली गई बिटुमिन परत स्लिप हो गई। दो दिन पहले नरिहा मोड़ के पास सड़क ठीक करा दी गई।
इसके बाद आगे एक कोल्ड स्टोरेज के पास सड़क की रूरा जाने वाली लेन उखड़ गई है। मुक्तापुर के पास रटिंग हो गई है। 20 दिन पहले बनी सड़क खराब होने पर गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। अश्वनी कुमार, आशीष व विनोद कुमार आदि ने बताया कि सड़क बनाने में पहले से बनी सड़क के उखड़ने पर कराए गए पैच वर्क को कुछ जगह ही हटाया गया है जबकि कई जगह ठेकेदार ने पुराने पैचवर्क के ऊपर ही बिटुमिन परत डालकर रोलर चलवा दिया।
इसकी वजह से अब डंपर निकलने पर सड़क उखड़ रही है। नई बनी सड़क पर दो जगह पैचवर्क कराया गया है। वहीं, अन्य जगह भी सड़क खराब हो गई है। हालांकि लोक निर्माण विभाग के अभियंता अमित कटियार का कहना है कि पहले से बनी सड़क की सतह ज्यादा चिकनी है।
माल वाहक वाहनों के ब्रेक लगाने से पुरानी सड़क की सतह चिकनी होने से ऊपरी बिटुमिन परत स्लिप हो गई है। ठेकेदार को अवगत कराया गया था तो नरिहा मोड के पास दो स्थानों पर सड़क मरम्मत कराई गई है। अन्य स्थानों पर खराब हुई सड़क की मरम्मत के लिए ठेकेदार को निर्देशित किया गया है।