फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kanpur News: जब मिठाई हो जा रही चट, तब आ पा रही रिपोर्ट

विज्ञापन
विज्ञापन
कानपुर। त्योहार पर मिठाइयों की बढ़ती मांग मिलावटखोरों के लिए कमाई का बड़ा मौका बन गई है। बाजार में रंग-बिरंगी मिठाइयों की दुकानें सजने लगी हैं। खोया, पनीर, घी और मिठाइयों में मिलावट के बीच मिलावटखोर सक्रिय हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग दुकानों पर छापा मारकर नमूने तो भर रहा है लेकिन इसकी रिपोर्ट आने में देरी के चलते बिक्री पर लगाम कस पाने में नाकाम साबित हो रहे हैं। यही वजह है कि तमाम कवायद के बाद भी दिवाली पर क्विंटलों मिलावटी मिठाई लोगों के घरों तक पहुंच जाएगी।
विज्ञापन

बीते वर्ष लिए गए नमूनों की फेल रिपोर्ट आने के बाद सितंबर माह तक कुल 489 वाद दायर किए गए जिनपर 1.62 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया। विभाग की सबसे बड़ी समस्या यही है कि दुकानों से नमूने भरकर प्रयोगशाला भेजे जाते हैं लेकिन उनकी जांच रिपोर्ट आने तक मिलावटी मिठाई ग्राहकों के घरों तक पहुंच चुकी होती है। दीपावली पर घरों में मेहमानों के स्वागत से लेकर उपहार देने तक के लिए मिठाइयों की खरीदारी की जा रही है। इसी मांग का फायदा उठाकर कुछ कारोबारी घटिया खोया, मिलावटी घी, नकली पनीर और प्रतिबंधित रंगों से तैयार मिठाइयां बाजार में खपाने की कोशिश करते हैं।
खाद्य विभाग की टीम ने बीते दो माह में करीब 400 से अधिक नमूने जांच के लिए लैब भेजे लेकिन रिपोर्ट किसी की नहीं आ सकी है। ऐसे में जबतक रिपोर्ट आएगी तब तक तो मिलावटी मिठाइयों की खपत हो चुकी होगी।
विज्ञापन


खाद्य विभाग की टीम की ओर से लिए नमूनों की रिपोर्ट प्रत्येक माह आती रहती है। इस वर्ष जनवरी से लेकर सितंबर माह में सबसे ज्यादा फेल नमूनों की रिपोर्ट अप्रैल माह में 118 की आई। वहीं, जनवरी में 35, मार्च में 55, अप्रैल 118, मई 71, जून 89, जुलाई 45, अगस्त 30, सितंबर 46 नमूनों की फेल रिपोर्ट आई। सभी के खिलाफ एडीएम सिटी कोर्ट में वाद दायर किया गया।

ऐसे पहचानें मिलावटी मिठाई और खाद्य पदार्थ
खोया (मावा)- असामान्य रंग, गंध और बनावट पर ध्यान दें। बहुत ज्यादा चिकनाहट या अजीब स्वाद होने पर खरीदने से बचें।
पनीर - जरूरत से ज्यादा सख्त या रबर जैसा पनीर संदिग्ध हो सकता है। स्टार्च की जांच के लिए प्रयोगशाला परीक्षण जरूरी है।
मिठाइयां - बहुत अधिक चमकीले या असामान्य रंग वाली मिठाइयां न खरीदें। खुले में रखी मिठाइयों से बचें।
घी- असामान्य गंध, स्वाद और बनावट पर ध्यान दें। वनस्पति या दूसरे तेल की मिलावट की आशंका होने पर जांच कराएं।
खाद्य तेल - रंग, गंध और तलछट में असामान्यता दिखने पर सतर्क रहें। सरसों के तेल में अर्जेमोन तेल जैसी खतरनाक मिलावट की आशंका रहती है।
पैक मिठाई - निर्माण तिथि, उपयोग की अंतिम तिथि, सामग्री और खाद्य लाइसेंस की जानकारी जरूर देखें।

वर्जन-
टीम लगातार छापे मारकर नमूने ले रही है। सैंपल लैब भेजे गए हैं जिनकी रिपोर्ट आ गई है और जुर्माना नहीं जमा किया उनके खिलाफ कोर्ट में वाद दायर किया गया है। मिठाई खरीदने से पहले अपने विवेक का भी इस्तेमाल करें।
विज्ञापन

- संजय प्रताप सिंह, सहायक आयुक्त खाद्य
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें