कानपुर। मोबाइल नेटवर्क का सिग्नल कमजोर होने पर उसे आगे पहुंचाने वाला रिपीटर अब मोबाइल टाॅवर के निर्देशों के अनुसार काम कर सकेगा। आईआईटी कानपुर के शोधकर्ताओं ने ऐसी तकनीक विकसित की है जिसमें रिपीटर को बेस स्टेशन (मोबाइल टाॅवर) से मिलने वाले विशेष कंट्रोल सिग्नल के आधार पर संचालित किया जाएगा। इससे सिग्नल को प्राप्त करने और आगे भेजने की प्रक्रिया पर नेटवर्क का बेहतर नियंत्रण हो सकेगा। इस तकनीक को अमेरिका से पेटेंट मिला है।
विज्ञापन
यह तकनीक आईआईटी कानपुर और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस इन वायरलेस टेक्नोलॉजी (सीईडब्ल्यूटी), चेन्नई के शोधकर्ताओं ने मिलकर विकसित की है। इसमें श्याम विजय गढ़ई, ज्योतिर्मय सैनी, रोहित बुधराजा, दीपक पद्मनाभन माया और प्रियंका डे शामिल हैं। आमतौर पर रिपीटर का इस्तेमाल उन जगहों पर किया जाता है जहां मोबाइल नेटवर्क का सिग्नल कमजोर होता है। यह सिग्नल को पकड़कर दोबारा प्रसारित करता है जिससे उसकी पहुंच बढ़ाई जा सके। नई तकनीक में रिपीटर को केवल सिग्नल आगे भेजने तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि उसे मोबाइल टावर से मिलने वाले निर्देशों के अनुसार काम करने की व्यवस्था की गई है।