कानपुर देहात। एक सप्ताह में घटे सरिया के रेट ने घर बनवाने वालों को थोड़ी राहत दी है। एक सप्ताह पहले तक जो सरिया 5950 रुपये प्रति क्विंटल तक बिक्री हो रही थी वह अब 5650 रुपये प्रति क्विंटल मिल रही है।
फिलहाल ईंट व सीमेंट के दाम में अभी कोई बदलाव नहीं हुआ है। पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध की वजह से बाजार में महंगाई बढ़ी हुई है। बाहर से आने वाले कच्चे माल की मात्रा कम होने से उसका असर सरिया, सीमेंट, प्लंबर के सामानों पर पड़ा है। इनके दामों के बढ़ने से लोगों के लिए मकान बनाना महंगा हो गया था, लेकिन सरिया के दाम में अचानक आई गिरावट ने लोगों को थोड़ी राहत जरूर दी है। कारोबारियों का कहना है कि अचानक सरिया के दाम नीचे आने से कारोबार में थोड़ी रौनक जरूर आई है, लेकिन सीमेंट व ईंट के दाम में अभी कोई गिरावट नहीं दर्ज की गई है।
नगर के भवन निर्माण सामग्री विक्रेता वेद प्रकाश अग्रवाल ने बताया कि सरिया के अचानक 300 रुपये प्रति क्विंटल दाम नीचे आने से कारोबार में नुकसान उठाना पड़ रहा है। करीब 15 दिन पहले सरिया की खरीद 5950 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की गई है, लेकिन इसके दाम गिरने से नुकसान उठाना पड़ रहा है। हालांकि इससे ग्राहकों को जरूर फायदा हुआ है। इसके अलावा सीमेंट के दाम 330 रुपये प्रति बोरी व ईंट के रेट करीब 6500 रुपये प्रति हजार के हिसाब चल रहे हैं। जिसके दाम में कोई बदलाव नहीं हुआ है। (संवाद)