कानपुर। किशोरियों और युवतियों से दुष्कर्म कर उनके अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने वाला फतेहपुर के लहुरी सराय का केशव उत्तम बेहद शातिर है। किशोरी के पिता ने उसके खिलाफ नौबस्ता थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप लगाया कि परिवार का भरोसा जीतने के लिए केशव ने बेटी से राखी बंधवाने का ढोंग किया। उसने राखी बांधने से इन्कार किया तो शातिर ने उसे समझाया था कि इससे उनके मिलने पर कोई शक नहीं करेगा। आरोपी के भागने के दौरान मोबाइल मिलने पर अश्लील वीडियो मिलने पर पूरी पोल खुल गई। अब मोबाइल वापसी के लिए धमकी दी जा रही है। डीसीपी साउथ ने बताया कि आरोपी की तलाश में चार टीमें लगाई हैं।
हंसपुरम इलाके में ही किराये पर रहने वाली किशोरी के पिता ने बताया कि आरोपी निजी अस्पताल में कैंटीन चलाने के बहाने सेक्स रैकेट चला रहा है। वह किशोरियाें और युवतियों को प्रेमजाल में फंसाकर उनके अश्लील वीडियो बना लेता है। इसके बाद उन्हें वेश्यावृत्ति के लिए मजबूर करता है। बात न मानने पर उनके वीडियो वायरल करने की धमकी देता है। उनकी बेटी को भी प्रेमजाल में फंसाने के बाद मनमानी कराना चाहता था। इन्कार करने पर उसे धमकाया तो बेटी ने आपबीती बता दी। उन्होंने केशव को समझाया लेकिन वह नहीं माना। एक सितंबर को दबाव बनाकर बेटी को साथ ले जाने के लिए आया तो पकड़ने का प्रयास किया तभी भागने के दौरान उसका गिरा हुआ मोबाइल उन्हें मिल गया। इसमें बेटी समेत पांच लड़कियों के अश्लील वीडियो थे।
आरोप है कि जब वह शिकायत लेकर नौबस्ता थाने पहुंचे तो वहां मौजूद पुलिस कर्मियों ने उन्हें भगा दिया। कई बार थाने गए लेकिन सिपाही से लेकर इंस्पेक्टर तक किसी ने उनकी मदद नहीं की। डीसीपी साउथ से मदद की गुहार लगाई तो गुस्साए इंस्पेक्टर ने पहले तो हड़काया फिर रिपोर्ट दर्ज की। पिता का आरोप है कि पुलिस समय रहते कार्रवाई कर देती तो केशव आज सलाखों के पीछे होता।
पीड़िता के पिता ने बताया कि अपना मोबाइल वापस पाने के लिए आरोपी ने कई लोगों से फोन कर धमकवाया। एक बार रात में फोन पर एक कॉल आई जिसमें फाेन करने वाले ने कहा कि भाई बोल रहा हूं। केशव को मोबाइल लौटा दो वरना ठीक नहीं होगा। इसके बाद उन्होंने मोबाइल पुलिस को सौंप दिया। डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि आरोपी की तलाश में एक टीम फतेहपुर में उसके गांव लहुरी सराय भी भेजी गई है। उसके मोबाइल में संदिग्ध ऑडियो मिले हैं जो कि इसके तार किसी रैकेट से जुड़े होने का इशारा कर रहे हैं। इसकी जांच भी की जा रही है।