पनकी स्थित श्री पंचमुखी हनुमान मंदिर में अमर उजाला फाउंडेशन द्वारा आयोजित कैंप में रक्तदान करते लोग। पनकी मंदिर पहुंची फार्मासिस्ट फाउंडेशन द्वारा निकाली गई जागरूकता रैली।
- फोटो : amarujala
कानपुर। पनकी मंदिर और अमर उजाला फाउंडेशन के तत्वावधान में विश्व रक्तदाता दिवस पर मंगलवार को पनकी मंदिर में लगे शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने रक्तदान किया। सुबह से रात तक लोगों की भीड़ लगी रही। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के ब्लड बैंक में लगे कैंप में डीएम कौशलराज शर्मा ने रक्तदान किया। पनकी मंदिर में 101, मेडिकल कॉलेज में 36 और उर्सला में 21 लोगों ने रक्तदान किया।
पनकी मंदिर में सीएमओ डॉ. रामायण प्रसाद यादव, एडीएम सिटी अविनाश सिंह और महंत जितेंद्र दास ने शिविर का शुभारंभ किया। फार्मासिस्ट फाउंडेशन के अनीश निगम और प्रदीप सिंह चौहान के नेतृत्व में जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से लोगों को रक्तदान का महत्व बताया गया और प्रेरित किया गया।
आईआईटी ब्लड कनेक्ट के मुकेश और दीपक ने रक्तदान का महत्व बताया और रजिस्ट्रेशन में सहयोग किया। शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास के 15 सदस्यों ने यशभान सिंह तोमर के नेतृत्व में रक्तदान किया। डियर पैरेंट्स सेवा समिति बौहार के सदस्यों ने रक्तदान किया और लोगों को प्रेरित भी किया। घाटमपुर के पास्टर जगराम और रेउना के पास्टर उदयभान ने भी रक्तदान किया और लोगों को जागरूक किया। ब्रह्मा सिंह शिक्षा एवं सेवा समिति के अखिलेंद्र प्रताप सिंह की टीम ने रक्तदान किया और इसका महत्व बताया। मुकेश झा ने जन्मदिन पर तो केके सिंह ने 41वीं बार रक्तदान किया। दिवाकर ने शादी की सालगिरह पर रक्तदान किया। गंगा सेवा समिति के रामजी त्रिपाठी ने लोगों को जागरूक किया। पनकी मंदिर स्थित हॉस्पिटल के नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. केके शुक्ला ने रक्तदान का महत्व बताया।