कानपुर। विकास की कसौटी पर खरा उतरने वाली जिले की पांच ग्राम पंचायतों को सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के तहत ग्राम प्रधानों को आवेदन करना है। आवेदन की अंतिम तिथि 16 अगस्त है। विजेता ग्राम पंचायतों को 35 लाख रुपये तक पुरस्कार मिलेगा। जिले की विजेता पांच ग्राम पंचायतों को 15 जनवरी को पुरस्कार राशि दी जाएगी।
शासन ने पंचायतों को विकास कार्यों के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह योजना चलाई है। पंचायतीराज विभाग के माध्यम से ग्राम पंचायतें ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन करते समय 100 सवालों का उत्तर भी देना होगा। महिला हितैषी, सुशासन, सामाजिक सुरक्षा, आत्मनिर्भर बुनियादी ढांचा, स्वच्छता और हरित, पानी की उपलब्धता, बाल मैत्री, स्वस्थ गांव, गरीबी मुक्त गांव, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना में पात्र लाभार्थियों की स्थिति, हेल्पलाइन, टीकाकरण, जनसेवा केंद्र की स्थापना आदि बिंदुओं पर पंचायतों का मूल्यांकन किया जाएगा। वित्तीय वर्ष में कराए गए कार्यों के आधार पर अंकों का निर्धारण होगा। योजना में दो बार पुरस्कृत हो चुकीं ग्राम पंचायतों को शामिल नहीं किया जा सकेगा। इसके लिए उन्हें पांच साल का इंतजार करना होगा।
प्रधानों को भरना होगा कार्य का ब्योरा
पुरस्कार पाने के लिए निर्धारित नौ थीम पर प्रधानों को कराए गए कार्यों का ब्योरा सहित ऑनलाइन आवेदन सीएम अवार्ड पोर्टल पर अपलोड करना होगा। इसके बाद जिला स्तरीय समिति सत्यापन कर रिपोर्ट देगी। आवेदन राज्य स्तरीय समिति के पास भेजा जाएगा। इसके बाद पंचायतों का चयन किया जाएगा।
पुरस्कार धनराशि
प्रथम 35 लाख
द्वितीय 25 लाख
तृतीय 20 लाख
चतुर्थ 15 लाख
पंचम 10 लाख
वर्जन-
मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार के लिए ग्राम पंचायतें आवेदन कर रही हैं। इनके कार्यों की जांच शासन से लेकर जिला स्तरीय कमेटी करेगी। इसकी रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। इसके बाद वरीयता तय होगी। - मनोज कुमार, डीपीआरओ