कानपुर। शहर में पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए नए सिरे से पार्किंग स्थल चिह्नित होंगे। इनमें डिजिटल टिकट की व्यवस्था के साथ ही निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगेंगे। पार्किंग स्थलों से अतिक्रमण हटेगा। अवैध पार्किंग पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। ये फैसले गुरुवार को नगर निगम में विभिन्न विभागों की उच्चस्तरीय संयुक्त बैठक में हुए।
कानपुर सहित अन्य शहरों में बढ़ती पार्किंग संबंधी समस्याओं के मद्देनजर शासन ने पार्किंग प्रबंधन संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इनका अनुपालन करने के लिए नगर निगम मुख्यालय में नगर आयुक्त सुधीर कुमार की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक हुई। नगर आयुक्त ने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्यवाही करें। पार्किंग प्रबंधन प्रणाली को डिजिटल टिकटिंग, कैमरा निगरानी आदि तकनीकी साधनों के माध्यम से और मजबूत बनाया जाए। जनता को पार्किंग के नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए जनसंपर्क अभियान चलाया जाए। बैठक में डीसीपी ट्रैफिक, केडीए सचिव, अपर नगर आयुक्त, नगर निगम के सभी जोनल अधिकारियों के साथ ही जिला प्रशासन, एनएचएआई, पीडब्ल्यूडी, केस्को सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल रहे।
इनसेट
ये हुए फैसले
- नगर निगम नागरिकों की सुविधा के लिए शहर में पार्किंग स्थल चिह्नित करेगा। इन स्थलों पर साइनबोर्ड लगाए जाएंगे और मार्किंग की जाएगी।
- ऐसे स्थान जहां यातायात बाधित होने की आशंका है उन्हें नो पार्किंग जोन घोषित किया जाएगा। संकेतक भी लगाए जाएंगे।
- जिन पार्किंग स्थलों पर अतिक्रमण मिलेगा उसे तत्काल हटाया जाएगा। यह जिम्मेदारी संबंधित जोनल अधिकारियों की दी गई।
- यदि कोई भी व्यक्ति अवैध तरीके से पार्किंग करता है तो उस पर जुर्माना लगाया जाएगा। ऐसे वाहनों को क्रेन से उठाकर जब्त किया जाएगा।
- पार्किंग प्रबंधन के दौरान यह सुनिश्चित किया जाएगा कि लोगों को किसी भी प्रकार की बाधा न हो।
- यातायात पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर वाहनों की आवाजाही को सुचारू रखा जाएगा।