कानपुर। यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन में कानपुर सुपर स्टार की बल्लेबाजी का दारोमदार सलामी बल्लेबाज आदर्श सिंह पर रहेगा। उन्होंने पिछले सत्र में शानदार प्रदर्शन कर सभी को प्रभावित किया था। उनका कानपुर प्रीमियर लीग के फाइनल में लगाया शतक सभी को याद है, जिसमें बीमारी से जूझने के बावजूद चौके और छक्कों की बारिश की थी।
मूलरूप से जौनपुर के आदर्श सिंह पिछले 14 वर्षों से बर्रा-8 में किराये के मकान में रहकर क्रिकेट खेल रहे हैं। उन्होंने केडीएमए स्कूल में पढ़ाई के दौरान क्रिकेट खेलना शुरू किया। इसके बाद उत्तर प्रदेश की अंडर-14, अंडर-16 और अंडर-19 टीमों की कप्तानी की। वर्ष 2022 में उन्हें उत्तर प्रदेश अंडर-19 टीम की कप्तानी मिली, जहां उन्होंने वनडे में 240 और चार दिवसीय क्रिकेट में 450 रन बनाए। जोनल क्रिकेट अकादमी में 256 रन बनाने के बाद वर्ष 2023 में उनका चयन नेशनल क्रिकेट एकेडमी (एनसीए) में हुआ।
टाइफाइड के बावजूद खेली शतकीय पारी
वर्ष 2025 में आयोजित कानपुर प्रीमियर लीग में आदर्श ने सात मैचों में 400 से अधिक रन बनाकर जाजमऊ सुपर स्टार को फाइनल में पहुंचाया। वह सेमीफाइनल और फाइनल के दौरान टाइफाइड से पीड़ित थे। इसके बावजूद मैदान पर उतरे। फाइनल में शानदार शतक लगाकर टीम को जीत दिलाई। यूपी टी-20 लीग के तीसरे संस्करण में भी आदर्श सिंह ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 10 मुकाबलों में 350 से अधिक रन बनाए थे।