कानपुर देहात। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर सेवा संकल्प अभियान के तहत बृहस्पतिवार को माती स्थित इको पार्क के सामुदायिक भवन सभागार में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रभारी मंत्री ने कहा सेवा संकल्प अभियान का मुख्य उद्देश्य शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इस दौरान 408 नवनियुक्त आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।
मु्ख्य अतिथि प्रभारी मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद ने नवचयनित सहायिकाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह निष्ठा, संवेदनशीलता और सेवाभाव के साथ अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करें। आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों, गर्भवती महिलाओं व धात्री माताओं तक पोषण और अन्य जनकल्याणकारी सेवाएं पहुंचाने में आंगनबाड़ी सहायिकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। कैबिनेट मंत्री राकेश सचान और राज्यमंत्री अजीत सिंह पाल ने कहा कि पारदर्शी व्यवस्था के तहत पात्रों को लाभान्वित किया जा रहा है। महिला एवं बाल विकास पोषण व श्रमिक कल्याण से संबंधित योजनाएं समाज के व्यापक हित से जुड़ी हैं। इन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में प्रशासन, जनप्रतिनिधियों एवं आमजन की सहभागिता महत्वपूर्ण है।
राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि स्वस्थ परिवार एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य की महत्वपूर्ण भूमिका है। सांसद देवेंद्र सिंह भोले ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के अलग-अलग वर्गों को लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने पात्र लाभार्थियों से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने तथा योजनाओं की जानकारी अन्य पात्र लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस दौरान विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत कारीगरों को टूल किट, सीएम युवा योजना के तहत चेक, अटल आवासीय विद्यालय के विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र और चिकित्सा विभाग की तरफ से पोषण पोटली बांटी गई। डीएम कपिल सिंह ने आश्वसत किया कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप जनपद में सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। एडीएम वित्त एवं राजस्व दुष्यंत कुमार मौर्य, सीएमओ डॉ. जय गोविंद, डीडीओ सुनील तिवारी, डीपीओ डॉ. आरबी सिंह और बीएसए आशीष पांडेय सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
..................
गोदभराई और अन्नप्राशन की हुई रस्म
सभागार में जनप्रतिनिधियों और जिलाधिकारी ने गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म पूरी की और छोटे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया। इसके अतिरिक्त, श्रम विभाग की ओर से श्रमिकों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया, जहां उनका निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर परामर्श दिया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री, राज्य मंत्री, सांसद, जिला पंचायत अध्यक्ष नीरज रानी, विधायक पूनम संखवार, भाजपा जिलाध्यक्ष रेणुका सचान सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने सभी जनप्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री को जन्मदिवस की बधाई देते हुए उनके दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय, सीडीओ विधान जायसवाल व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।