कानपुर देहात। सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट आने से सराफा बाजार में रौनक लौट आई है। बीते कुछ दिनों में चांदी के दाम में नौ हजार रुपये प्रति किलो और सोने के भाव में आठ हजार रुपये प्रति 10 ग्राम तक की कमी आई है। बुधवार को सोना 1.36 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 1.81 लाख रुपये प्रति किलो दर्ज की गई।
सराफा कारोबारियों के मुताबिक कीमतें घटने से ग्राहक खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं। सहालग को देखते हुए लोग जेवरों की बुकिंग भी करा रहे हैं। हल्के और फैंसी आभूषणों की मांग बढ़ी है। सदर बाजार स्थित सराफा कारोबारी राहुल ओमर ने बताया कि बीते कुछ दिनों में चांदी के दामों में नौ हजार रुपये की किलो और सोने के दामों में आठ हजार रुपये प्रति दस ग्राम की कमी दर्ज की गई है। कीमतों में आई इस राहत भरी गिरावट के चलते दिवाली का सीजन बीत जाने के बावजूद बाजारों में ग्राहकों की चहल-पहल कम नहीं हो रही है। हल्के और फैंसी जेवरों की मांग बहुत अधिक बढ़ गई है।
कारोबार सुशील कौशल ने बताया कि ग्राहकों की पसंद को ध्यान में रखते हुए कई नए और आकर्षक डिजाइन तैयार करवाए हैं। बाजार में बुधवार को कारोबार के दौरान चांदी के भाव 1.81 लाख रुपये प्रति किलो रही। जबकि सोने का भाव 1.36 लाख प्रति दस ग्राम के आसपास रहा है। इससे पहले आठ नवंबर 24 कैरेट का सोना 1.44 लाख प्रति दस ग्राम और चांदी 1.90 रुपये प्रति किलो दर्ज की गई थी। हालांकि सोने व चांदी के भाव में अचानक आई गिरावट से कुछ लोग अभी और अधिक दाम गिरने का भी इंतजार कर रहे हैं। जिन घरों में शादी-विवाह के कार्यक्रम हैं, वह खरीदारी कर रहे हैं।