कानपुर। छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 की शुरुआत तीन जुलाई से होने जा रही है। विश्वविद्यालय के डीन एकेडमिक्स कार्यालय के आदेश में सभी स्कूलों, विभागों और संस्थानों के निदेशकों, विभागाध्यक्षों और प्रभारियों को कक्षाएं शुरू करने की तैयारी पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
डीन एकेडमिक प्रो. ब्रष्टि मित्रा ने बताया कि नौ जुलाई को विश्वविद्यालय का 41वां दीक्षांत समारोह प्रस्तावित है। इसी को ध्यान में रखते हुए नए सत्र की शैक्षणिक गतिविधियों को सुचारू रूप से शुरू करने की योजना बनाई गई है। प्रथम वर्ष में प्रवेश लेने वाले नवप्रवेशी छात्रों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम तीन से सात जुलाई के बीच आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक स्कूल और विभाग के लिए अलग-अलग तिथियां तय की गई हैं।
तीन जुलाई को स्कूल ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट, स्कूल ऑफ होटल मैनेजमेंट, स्कूल ऑफ बेसिक साइंसेज, स्कूल ऑफ फार्मास्युटिकल साइंसेज-बीफार्मा, अटल बिहारी वाजपेयी स्कूल ऑफ लीगल स्टडीज-बीएएलएलबी व बीबीएएलएलबी और स्कूल ऑफ क्रिएटिव एंड परफॉर्मिंग आर्ट्स के फाइन आर्ट्स विभाग में ओरिएंटेशन होगा।
चार जुलाई को एमबीए, आर्ट्स ह्यूमैनिटीज एंड सोशल साइंसेज, हेल्थ साइंसेज, एमफार्म व डिप्लोमा, एलएलबी-एलएलएम और म्यूजिक विभाग के छात्रों का ओरिएंटेशन प्रस्तावित है। छह जुलाई को बीकॉम, बीटेक, एडवांस्ड एग्रीकल्चर साइंस एंड टेक्नोलॉजी, टीचर एजुकेशन-एजुकेशन विभाग और लाइफ साइंसेज एंड बॉयोटेक्नोलॉजी में कार्यक्रम होंगे। सात जुलाई को बीसीए-एमसीए, डिजाइन, लैंग्वेजेज, फिजिकल एजुकेशन, लाइफ साइंसेज एंड बाॅयोटेक्नोलॉजी और जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन विभाग में नवप्रवेशियों का स्वागत किया जाएगा।