कानपुर देहात। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय (केजीबीवि) में पढ़ाई कर समाज में नाम रोशन कर रही छात्राओं के नाम अब स्कूल के सूचना बोर्ड पर लिखे जाएंगे। इसके लिए स्कूल की 11 छात्राओं को चिह्नित किया गया है।
शिक्षा, खेल, कला, समाज सेवा या अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली छात्राओं के नाम के साथ विद्यालय में पढ़ने की अवधि, उपलब्धि का विवरण भी दर्ज किया जाएगा। साथ ही हर साल इसे अपडेट भी किया जाएगा। जिला समन्वयक बालिका शिक्षा अरुणेश सिंह ने बताया कि यह पहल पूर्व छात्राओं से जुड़ने और वर्तमान छात्राओं को बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से शुरू की गई है।
यह पहल न केवल बालिकाओं के परिश्रम का सम्मान है, बल्कि उन्हें यह संदेश भी देती है कि उनकी हर उपलब्धि समाज के लिए प्रेरणा बनेगी। बताया कि इसके लिए 11 छात्राओं के नाम चिह्नित किए गए है। इसमें वर्ष 2006 से 2009 के बीच पढ़ाई करने वाली संध्या का नाम है, जो प्राथमिक स्कूल अटवा में अनुदेशक के पद पर कार्यरत हैं। जबकि वर्ष 2007 से 2010 तक पढ़ाई करने वाली अंजना शामिल है। यह प्राथमिक स्कूल अमरौधा में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत हैं।
इसी वर्ष में पढ़ाई करने वाली सुलेखा इस समय दिल्ली की लॉकर कंपनी में मैनेजर है। जबकि वर्ष 2009 से 2012 तक पढ़ने वाली आकांक्षा कानपुर के एक अस्पताल में नर्स के पद पर तैनात हैं। उर्मिला यूपी पुलिस में आरक्षी, रिया कानपुर में नेत्र विशेषज्ञ, सनी सचान एक मोटर बाइक कंपनी में उच्च पद पर कार्य कर रही हैं। वहीं प्रीती कमल जिले की एक कंपनी में पैकिंग कोडिंग, अंजली जयपुर में नेत्र विशेषज्ञ हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2009 से 2013 के बीच पढ़ाई करने वाली खुशबू नोएडा में फैशन डिजाइनर व अंजली गौतम ने वर्ष 2013 से 2016 तक पढ़ाई की है जो इस समय डेरापुर में पंचायत सहायक के पद पर तैनात हैं।
......................
वर्जन...............
कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में पूर्व में पढ़ाई करने वाली छात्राओं के नाम चिह्नित कर स्कूल के सूचना बोर्ड लिखे जा रहे हैं। यह छात्राएं अन्य के लिए प्रेरणास्रोत हैं। यह इनके परिश्रम का सम्मान है। - अजय कुमार मिश्र, बीएसए