झींझक। रसूलाबाद विधायक पूनम संखवार ने बुधवार को दो सड़कों के निर्माण का शुभारंभ भूमि पूजन कर किया। करीब 2.34 करोड़ की लागत से दोनों मार्गों का निर्माण होगा। इससे ग्रामीणों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी।
विज्ञापन
उन्होंने कहा गांवों में बेहतर सड़क संपर्क की राह आसान होने जा रही है। रसूलाबाद विधानसभा क्षेत्र में दो संपर्क मार्गों की सड़क के निर्माण को मंजूरी मिली है। अच्छी सड़कें केवल आवागमन का साधन नहीं हैं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और रोजगार के अवसरों तक पहुंच आसान बनाती हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार कराना उनका संकल्प है।
झींझक ब्लाॅक के सिंगवानार के मजरा धरम सिंह पुरवा तक 1.50 किलोमीटर लंबी सड़क बनाई जाएगी। इस पर लगभग 1.22 करोड़ खर्च होंगे। वहीं, रसूलाबाद में विषधन मार्ग से ग्राम बटपरू तक 1.15 किलोमीटर लंबे संपर्क मार्ग का निर्माण करीब 1.12 करोड़ रुपये खर्च कर होगा। यहां प्रधान उदय सिंह, कुलदीप पाल, संतोष प्रताप सिंह, नरेंद्र पांडेय, शोभित त्रिपाठी, विष्णु प्रताप सिंह, पुनीत सिंह गौर आदि मौजूद रहे।