कानपुर। किदवईनगर थानाक्षेत्र के एच टू ब्लॉक में घर में काम करने वाली नौकरानी ने मालकिन की अलमारी से लाखों के जेवरात पार कर दिए। पुलिस ने बुधवार को परमपुरवा निवासी नौकरानी के घर छापेमारी कर जेवरात बरामद कर लिए और नाैकरानी को हिरासत में लेकर थाने ले आई। थाने पहुंचीं मालकिन नौकरानी को देख भावुक हो गईं।
पुरुषोत्तम बंसल के घर परमपुरवा निवासी महिला खाना और झाड़ू पोछा का काम करती है। किदवईनगर इंस्पेक्टर धर्मेंद्र राम ने बताया कि बुधवार को पुरुषोत्तम की पत्नी प्रेरणा ने सूचना दी कि घर के कमरे में रखी अलमारी से लाखों के जेवरात गायब हैं। पुलिस की टीम नौकरानी के घर पहुंची जहां जेवरात और आरोपी मिल गई। थाने में नौकरानी को हिरासत में देख मालकिन भावुक हो गईं और रिपोर्ट दर्ज कराने से मना कर दिया। प्रेरणा ने पुलिस से कहा कि सर इसे छोड़ दीजिए, इसके छोटे बच्चे हैं। इसने कई साल रोटी बनाकर खिलाई है। इसकी सजा इसको ऊपर वाला देगा।