कानपुर देहात। रनियां के शुक्लनपुरवा में संचालित प्राथमिक विद्यालय का मंगलवार को राज्यमंत्री ने निरीक्षण किया। स्कूल पहुंचने पर प्रधानाध्यापक अनुपस्थित मिले। पूछने पर शिक्षको ने बताया कि वह बीआरसी गए हैं जबकि उनकी लोकेशन जांचने पर पता चला कि वह रनियां स्थित एक दुकान पर बैठे हैं।
राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने रनियां के वार्ड-पांच महावीर नगर का निरीक्षण कर स्थानीय लोगों की समस्याओं को सुना। वहीं वार्ड वासियों द्वारा लंबे समय से विद्युत, पेयजल, जल निकासी व राजस्व संबंधी शिकायतें गिनाई। भ्रमण के दौरान एक विद्युत पोल से लटकते तार जमीन को छूते पाए गए। बिजली विभाग के एसडीओ विकास सोनी को तलब कर 24 घंटे में समस्या का निस्तारण करने के निर्देश दिए। वहीं पेयजल की अपर्याप्त व्यवस्था पर अधिशासी अधिकारी मनीष राय को गर्मी शुरू होने से पहले वार्ड में वाटर फ्रीजर स्थापित करने को कहा। साथ ही ओपन जिम स्थापना, पीएम आवास योजना के सर्वे व राजस्व संबंधी लंबित प्रकरणों के निस्तारण करने के लिए लेखपाल रविंद्र गौड़ को निर्देश दिया।
इसके बाद वह प्राथमिक स्कूल पहुंची, तो प्रधानाध्यापक को न पाकर उपस्थित शिक्षकों से जानकारी की। इस पर शिक्षकों ने बताया कि वह बीआरसी जाने की बात कह निकले हैं। इस दौरान कुछ ग्रामीणों ने प्रधानाध्यापक की जियो टैग फोटो खींच कर मंत्री को भेज दी। जिसमें उनकी लोकेशन रनियां बाजार में पाई गई। इस पर राज्यमंत्री ने नाराजगी जताते हुए बीएसए अजय कुमार मिश्र को फोन कर जानकारी दी और कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए। बीएसए ने बताया कि प्रधानाध्यापक के अनुपस्थित होने संबंधित राज्यमंत्री द्वारा शिकायत प्राप्त हुई है। बीईओ को पत्र जारी करते हुए मामले की जांच कर आख्या मांगी गई है।