उरई जिले में गृह कलह के चलते महिला ने घर के कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। देर रात परिजनों ने जब उसके शव को फंदे पर लटका देखा तो कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर जांच पड़ताल के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
वहीं मृतका के मायके वालों को भी मौत की सूचना दे दी गई है। बता दें कि शहर कोतवाली क्षेत्र में कांशीराम कॉलोनी निवासी हरिओम की पत्नी मीनू (28) ने गृह कलह के चलते मंगलवार की देर रात फांसी लगाकर जान दे दी। मृतका के परिजनों ने पुलिस को बताया पति हरिओम ई रिक्शा चलाकर परिवार का भरण पोषण करता है।
उसके दो बच्चे हैं। विवाहिता की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है। शहर कोतवाल शिव कुमार सिंह का कहना है की मृतका के मायके वालों को सूचना दे दी गई है। अगर उनकी तरफ से कोई तहरीर मिलती है, तो जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।