सिकंदरा। शराब पीने के विवाद में मंगलपुर क्षेत्र के भाऊ का पुर्वा गांव के
पास एक युवक की गर्दन पर कांच की बोतल से हमलाकर हत्या कर दी गई। गुरुवार
देरशाम युवक का शव अरहर के खेत में पड़ा मिला।
शव के पास शराब बोतलें और
कांच बिखरा था। मृतक के पिता ने दो युवकों पर हत्या का आरोप लगाकर रिपोर्ट
दर्ज करवाई है। मंगलपुर के थाना इंचार्ज अतरसिंह ने बताया कि हत्या के आरोप
में रिपोर्ट दर्ज की गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।
आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है।
सिकंदर थाना सुभाष नगर
निवासी संजय उर्फ बुलबुल (33) को गुरुवार की सुबह उसके दोस्त मटरू निवासी
शास्त्री नगर और शानू अपने साथ ले गए। तीनों दोस्त मंगलपुर थाना क्षेत्र के
भाऊ का पुर्वा गांव के पास अरहर के खेत में शराब पीने बैठ गए। इसी बीच
किसी बात पर संजय से विवाद हो गया।
झगड़े के दौरान ही मटरू और शानू ने शराब
की बोतल तोड़कर संजय के गर्दन में घुसा दी। लहूलुहान हालत में संजय खेत से
सड़क की ओर दौड़ा। आसपास काम कर रहे ग्रामीणों ने देखा कि दो युवक पीछा कर
रहे थे। ग्रामीणों के शोर मचाते ही दोनों युवक भाग खड़े हुए। इधर,
लहूलुहान हालत में संजय सड़क के पास अरहर के खेत में जाकर गिर गया।
ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस पहुंची।
मृतक के पिता विशंभर ने बताया कि उनका
पुत्र संजय नई बाजार में फुटपाथ पर बच्चों के कपड़े बेचकर अपनी पत्नी
सुशीला और पुत्र किशना (5) का भरणपोषण करता था। संजय की मां पुष्पादेवी ने
बताया कि तीनों लोगों के एक साथ शराब पीने की जानकारी मिली थी। बताया कि
शाम पांच बजे पुलिस के जरिए संजय का शव अरहर के खेत में पड़े होने की सूचना
दी गई।