कानपुर देहात। मुगल मार्ग पर चलना खतरे से खाली नहीं हैं। इस सड़क पर पहले से ही गहरे गड्ढे थे। इनमें से कुछ जगहों पर पिछले माह गिट्टी व बजरी डाल गड्ढे भरे गए थे। बीते तीन दिन की बारिश के बाद भारी वाहनों के गुजरने से फिर से गहरे गड्ढे हो गए हैं। रविवार को संवाद न्यूज एजेंसी ने मुगल मार्ग की पड़ताल की तो भोगनीपुर, राजपुर, सिकंदरा के पास खतरनाक गड्ढे नजर आए। कई जगह गड्ढों में बारिश का पानी भरा मिला। कई जगह सड़क पर कीचड़ की वजह से फिसलन नजर आई। स्थानीय दो पहिया वाहन सवार बच कर निकलते दिखे। यह मार्ग अनजान राहगीरों के लिए खतरा बना हुआ है।
...............
सीन-1
सिकंदरा में एक किमी गड्ढे भरी सड़क दे रही हादसे का दावत
मुगल मार्ग पर सिकंदरा कस्बे में अंत्येष्टि स्थल को जाने वाले मार्ग के सामने सड़क गड्ढों में तब्दील हो गई है। एक किलोमीटर दायरे में हर कदम पर बडे़-बड़े गड्ढे हैं। पटेल चौक से करीब 500 मीटर दूर सड़क पर जानलेवा गड्ढे मिले। कई जगह सड़क उखड़ी दिखी। ऐसे में जलभराव से लोगों को गड्ढों का अंदाजा नहीं हो पा रहा है। इससे आए दिन दोपहिया व रिक्शा चालक गिरकर चुटहिल हो रहे हैं।
..................
सीन-2
जल्लापुर व शाहजहांपुर में भी गड्ढों की भरमार
मुगल रोड पर राजपुर कस्बा के जल्लापुर के पास सड़क उखड़ी मिली। एक जगह गहरा गड्ढा दिखा। इससे दो पहिया वाहन सवार बच कर निकलते दिखे। वहीं भारी वाहन भी गड्ढे से बचते हुए निकलते नजर आए। यह गड्ढा खतरनाक है। वहीं शाहजहांपुर के पास भी सड़क उखड़ी होने के साथ कई जगह गड्ढे दिखाई दिए।
.................
सीन-3
कालपी जाने वाली सर्विस लेन पर भी गड्ढों की भरमार
भोगनीपुर में मुगल रोड सालों से खस्ताहाल है। भोगनीपुर चौराहा से कालपी जाने वाली सर्विस लेन पर गहरे खतरनाक गड्ढे हैं। वहीं चौराहा के नीचे भी गहरे गड्ढे हैं, इन्हें कुछ दिन पहले भरा गया, लेकिन स्थिति फिर से पहले जैसे नजर आई। शनिवार को सीओ कार्यालय के सामने गहरे गड्ढों में बारिश का पानी भरा दिखा। इनसे ऑटो, ई-रिक्शा, बाइक सवार बचते हुए निकलते दिखे। वहीं कीचड़ की वजह से फिसलन नजर आई। पैदल राहगीर भी बचते हुए निकलते दिखे।
....................
समस्या का जिम्मेदार नहीं कर रहे समाधान
पुखरायां/राजपुर। भोगनीपुर से सिकंदरा तक कई जगह मुगल रोड पर गड्ढे होने से स्थानीय लोगों को परेशानी बढ़ी हैं। भोगनीपुर के सुनील बंशल, संदीप गौड़ आदि ने बताया कि सालों से ओवरब्रिज चौराहा से लेकर सीओ कार्यालय, कालपी रोड व पुल के नीचे गहरे गड्ढें हैं। जल निकासी का प्रबंध न होने पर जो गड्ढे भरे जाते हैं, उनकी फिर से वहीं स्थिति हो जाती है। जिम्मेदारों को अच्छे से मरम्मत कर सड़क बनानी चाहिए, जिससे हादसे रुकें। वहीं, राजपुर के व्यापारी दिलशाद खान, दिलीप कटियार, अमित कटियार, ब्रजेश कटियार, चंदर कटियार ने बताया कि एक महीने पहले खस्ताहाल सड़क पर लोक निर्माण विभाग ने गड्ढाें में गिट्टी भरवाकर सड़क पर पेचवर्क कराया था। मानक के अनुसार कार्य न होने से सड़क की स्थिति फिर पहले जैसी हो गई।
.......................
बयान...
सिकंदरा से राजपुर तक मुगल सड़क पर गड्ढों की मरम्मत के लिए आठ लाख का बजट मिला है। कुछ जगह गड्ढें भरने का काम शुरू किया गया था, लेकिन बारिश हो गई। इससे काम पूरा नहीं हो सका। तीन दिन में सड़क पर गड्ढे भरवाकर पेचवर्क कराया जाएगा। - प्रवीण कुमार, अभियंता, लोकनिर्माण विभाग