कानपुर। सूर्य की तेज गर्मी से आपने पेड़-पौधों को झुलसते और सूखते हुए देखा होगा, लेकिन यही ताप अब फूल और सब्जियों को जीवनदान देगा। उनकी प्यास बुझाएगा। यह कारनामा छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय के इंक्यूबेशन एंड इनोवेशन सेंटर से इंक्यूबेटेड स्टार्टअप प्लांटमैन से संभव हुआ है, जिसमें आपने आप हर 12 घंटे में पौधों को जरूरत के हिसाब से पानी मिलता रहेगा। स्टार्टअप को विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में सम्मानित किया जाएगा। तीन अन्य स्टार्टअप का सम्मान होगा।
स्टार्टअप के को-फाउंडर अंकुश सक्सेना और शालिनी अवस्थी ने सनराइज ग्रोव प्राइवेट लिमिटेड के तहत सौर ऊर्जा की मदद से चलने वाली स्वचलित डि्रप सिंचाई प्रणाली का विकास किया है। यह सोलर पैनल से जुड़ा हुआ है, जिसको दो लीटर बोतल की मदद से 25 गमलों को पानी दिया जा सकता है। यह प्रक्रिया 15 दिन तक ऑटोमेटिक तरीके से चलती रहती है। अंकुश ने बताया कि इसमें टाइमर सेट करके सिंचाई कर सकते हैं। खेतों और फार्म में इसके इस्तेमाल पर काम किया जा रहा है। उनके स्टार्टअप को सस्टेनेबिलिटी स्टार्टअप पुरस्कार से नवाजा जाएगा, जबकि सर्वश्रेष्ठ विद्यार्थी स्टार्टअप पुरस्कार स्लॉगफाई टेक इनोवेशन के शिवेंद्र प्रताप सिंह और भूपेंद्र सिंह, सर्वश्रेष्ठ सामाजिक उद्यमी स्टार्टअप ग्रो चेन प्राइवेट लिमिटेड के अमरेंद्र कुमार सेंगर और महिला नेतृत्व स्टार्टअप पुरस्कार वन एट कोबो की वत्सला शुक्ला एवं मनाली देशपांडे को मिलेगा।
-
यह हैं स्टार्टअप
- स्लॉगफाई टेक इनोवेशन : यह स्टार्टअप होम ऑटोमेशन पर काम करता है। इसकी मदद से कार्यस्थल, दैनिक जीवन को स्मार्ट किया जा सकता है।
- ग्रो चेन प्राइवेट लिमिटेड : यह साधारण सीसीटीवी कैमरों को एआई की मदद से स्मार्ट बना रहा है। यह तकनीक बिना नया हार्डवेयर लगाए कैमरों से ही डेटा निकालकर बताती है कि दुकान में कौन सा सामान ज्यादा बिक रहा है और कब स्टॉक खत्म होने वाला है।
- वन एट कोबो : यह कंपनी डिजाइन और ब्रांडिंग का काम करती है, जो नए और पुराने बिजनेस को उनकी पहचान बनाने में मदद करती है। कंपनी लोगो डिजाइन, वेबसाइट डेवलपमेंट और डिजिटल प्रोडक्ट तैयार करती है। यह ऑनलाइन मार्केटिंग और प्रमोशन में भी सहयोग देती है।
............
स्टार्टअप की लगेगी प्रदर्शनी
दीक्षांत में 11 स्टार्टअप की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इनोवेशन फाउंडेशन के सीईओ दिव्यांश शुक्ला ने बताया कि चयनित स्टार्टअप में सफलहोस्ट (किरण विश्वकर्मा), निवारन अपसाइक्लियर (डॉ. लतिका माथुर), मेडियोटेक प्राइम सॉल्यूशंस (उत्कर्ष दुबे) आदि शामिल हैं।