रनियां। प्राथमिक विद्यालय शुक्लनपुरवा के प्रधानाध्यापक के अक्सर स्कूल न आने की शिकायत पर मंगलवार को राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने स्कूल का निरीक्षण किया था। प्रधानाध्यापक के अनुपस्थित होने पर उन्होंने बीएसए को कार्रवाई के निर्देश दिए थे। मामले में बीएसए ने प्रधानाध्यापक को निलंबित कर उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू करवाई है।
राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने मंगलवार को प्राथमिक विद्यालय शुक्लनपुरवा का निरीक्षण किया था। इस दौरान उनको प्रधानाध्यापक अमित कुमार अग्निहोत्री अनुपस्थित मिले थे। मौके पर मौजूद शिक्षकों व ग्रामीणों से पूछताछ में पता चला कि संबंधित प्रधानाध्यापक अक्सर विद्यालय से गैरहाजिर रहते हैं और रनियां में रहकर निजी व्यवसाय का संचालन करते हैं। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और शिक्षण कार्य में शिथिलता पर नाराजगी जताने के साथ बीएसए अजय कुमार मिश्रा को कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।
बीएसए अनिल कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रधानाध्यापक अमित कुमार अग्निहोत्री को निलंबित कर दिया गया है। उनको रसूलाबाद ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय मिर्जापुर लकोठिया से संबद्ध किया गया है। साथ ही पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी अमरौधा ईश्वरकांत मिश्रा को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। रिपोर्ट मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।