सैफई। गांव हैवरा में घरेलू विवाद निपटाने के लिए बहन को ससुराल लेकर पहुंचे युवक को ससुरालियों ने जमकर पीटा। ईंट मारकर सिर फोड़ दिया। बीच-बचाव करने पर पत्नी को जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फिरोजाबाद के थाना नगला खंगड़ के गांव ददोखर निवासी संजू अपनी पत्नी विनिता देवी और विधवा बहन रेखा के साथ सोमवार को थाना सैफई के ग्राम हैवरा स्थित रेखा की ससुराल आया था। आरोप है कि दोपहर करीब तीन बजे घरेलू बातों को लेकर रेखा के देवर लाखन और पतरे का संजू से विवाद शुरू हो गया। आरोपितों ने संजू के साथ लात-घूंसों व ईंट से हमला कर दिया।
मारपीट में संजू के सिर में गंभीर चोट आई। जब पत्नी विनिता बीच-बचाव करने आई तो उसे भी जान से मारने की धमकी देकर आरोपित मौके से फरार हो गए। पीड़ित संजू की ओर से थाने में दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।