झींझक। परौंख गांव निवासी युवती ने शनिवार को नहर में छलांग लगाकर जान देने का प्रयास किया। जानकारी पर सब्जी विक्रेता ने युवती को बाहर निकाला और सीएचसी पहुंचाया।
मंगलपुर थाना क्षेत्र के परौंख गांव की बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा अंजली (20) अपने भाई बलराम के साथ रहती है। उसके मां-पिता का निधन हो चुका है। शुक्रवार की दोपहर वह घर से कहीं चली गई। भाई उसे खोज रहा था। छात्रा ने शनिवार को अपनी बड़ी बहन इंदलपुर रसूलाबाद की प्रीती को फोन किया कि वह झींझक में है।
प्रीती अपने पति के साथ झींझक पहुंची, तभी अंजली ने नहर पुल से पानी में छलांग लगा दी। जिस पर वहां मौजूद सब्जी विक्रेता झींझक के बबलू ने पानी में कूदकर युवती को बाहर निकाला और बेहोशी की हालत में झींझक सीएचसी पहुंचाया।
डॉ. जेपी सिंह ने बताया कि युवती को उपचार के बाद हालत में सुधार होने पर घर भेज दिया गया था। चौकी प्रभारी आनंद शर्मा ने बताया कि घटना की सूचना नहीं मिली है। फिर भी जांचकर कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)