मूसानगर(कानपुर देहात)। नगर पंचायत के अच्युतानंद शास्त्री वार्ड में जल निकासी के समुचित इंतजाम न होने के कारण करीब 500 की आबादी जलभराव की गंभीर समस्या से जूझ रही है। लोगों को घरों तक पहुंचने के लिए सीढ़ियों का सहारा लेना पड़ रहा है या लंबा चक्कर काटना पड़ रहा है। जलभराव और गंदगी के कारण संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी बना है लेकिन नगर पंचायत से लेकर जिला स्तर और मुख्यमंत्री पोर्टल तक की गई शिकायतों का अब तक कोई ठोस समाधान नहीं हुआ है।
वार्ड निवासी दीपक, ममता यादव, बलवीर, रघुवीर सिंह और विजय अग्निहोत्री ने बताया कि अच्युतानंद शास्त्री वार्ड में जल निकासी के लिए समुचित नालियों का निर्माण नहीं हुआ है। जहां नालियां हैं भी वहां ढाल सही न होने से घरों के सामने पानी जमा रहता है। जिससे आवागमन में भारी परेशानी होती है। मोहल्ले के खाली प्लाट पानी से भरकर तालाब बन गए हैं। जिनसे उठती दुर्गंध के कारण सांस लेना मुश्किल हो गया है। इस समस्या से वार्ड के करीब 500 लोग जूझ रहे हैं। वार्ड के लोगों ने बताया कि बारिश में यह समस्या और भी विकराल हो जाती है। काफी समय से जिम्मेदारों को समस्या बताई जा रही है लेकिन किसी ने अभी तक ध्यान नहीं दिया।
......................
बोले लोग....
नगर पंचायत और मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत के बावजूद समस्या जस की तस है। कुछ जगहों पर बनी नालियों की ढाल मोहल्ले की ओर कर दी गई है, जिससे समस्या और बढ़ गई है। इस समस्या पर जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं। - रोहित कुमार, स्थानीय निवासी
....................
जल निकासी के साधनों के अभाव में खाली प्लाटों में गंदा पानी जमा रहता है, जो बदबू और आवारा मवेशियों का अड्डा बन गया है। बरसात में हालात और बिगड़ जाते हैं। जब मोहल्ले में पानी भर जाता है और आवागमन महीनों तक बाधित रहता है। इस समस्या का जल्द समाधान निकाला जाए। - मनोज यादव, स्थानीय निवासी
.................
वर्जन......
नगर के अच्युतानंद शास्त्री वार्ड में जलभराव की समस्या की जानकारी मिली है। जल्द ही वार्ड का सर्वे कराकर नालियों का निर्माण कराया जाएगा। तत्काल राहत के लिए सफाई कर्मचारियों को भेजकर नालियों की सफाई कराई जाएगी। जिससे लोगों को जलभराव की समस्या से निजात मिले। - नरेश चंद्र, अधिशासी अधिकारी