कानपुर देहात। त्योहारी सीजन में साड़ियों के बाजार में रौनक बढ़ने लगी है। करवाचौथ और दिवाली के साथ शादी-विवाह का सीजन नजदीक होने से कारोबारियों को अच्छी बिक्री की उम्मीद है। ग्राहकों की पसंद और बजट को देखते हुए दुकानदारों ने बनारसी, सिल्क, कांजीवरम और डिजाइनर साड़ियों के साथ कम कीमत वाली साड़ियों की भी विभिन्न रेंज उपलब्ध कराई है।
कारोबारियों का कहना है कि बाजार में पारंपरिक बनारसी और सिल्क साड़ियों के साथ हल्की, आकर्षक डिजाइन वाली साड़ियों की भी मांग है। ग्राहक अपनी जरूरत और बजट के अनुसार खरीदारी कर रहे हैं। बाजार में 500 रुपये से लेकर पांच हजार रुपये तक की साड़ियां उपलब्ध हैं। हालांकि, ऑनलाइन खरीदारी और बढ़ती लागत के चलते कारोबारियों को प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, कपड़े, रंगाई-बुनाई, परिवहन और थोक खरीद की लागत बढ़ने से दुकानदारों के मुनाफे पर दबाव है। त्योहारों और विवाह समारोहों के दौरान बिक्री बढ़ने से कारोबार में सुधार की उम्मीद है।
सदर बाजार के साड़ी विक्रेता विवेक कुमार ने इस साल कारोबार संतोषजनक है। बनारसी और डिजाइनर साड़ियों की मांग बनी हुई है जबकि कम कीमत वाली साड़ियां भी ग्राहकों को आकर्षित कर रही हैं। वहीं, कपड़ा कारोबार अभिनव मिश्रा के मुताबिक, ऑनलाइन खरीदारी का असर दुकानों की बिक्री पर पड़ रहा है। कारोबारियों को त्योहारों और शादी-विवाह के सीजन से ही अधिक उम्मीद रहती है। हालांकि, वास्तविक स्थिति ग्राहकों की खरीदारी पर निर्भर करेगी। उनके मुताबिक, ग्राहक असली हथकरघा साड़ियों के बजाय कम कीमत में मिलने वाली मिलती-जुलती डिजाइन की साड़ियों को भी पसंद कर रहे हैं। ऐसे में कारोबारी नई डिजाइन, बेहतर गुणवत्ता और बजट के अनुरूप कीमतों के जरिये ग्राहकों को आकर्षित करने की कोशिश कर रहे हैं।