कानपुर। कानपुर प्रीमियर लीग (केपीएल) के दूसरे संस्करण की तैयारियां जोरों पर हैं। आयोजकों के अनुसार इस बार लीग जून के पहले सप्ताह में शुरू होगी, जबकि खिलाड़ियों और फ्रेंचाइजी से जुड़ी पंजीकरण प्रक्रिया अगले माह से शुरू की जाएगी।
केपीएल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने बताया कि पिछले वर्ष ग्रीनपार्क में आयोजित पहले सीजन को शानदार सफलता मिली, जिसने शहर में नई परंपरा की शुरुआत की। इस सफलता से प्रेरित होकर प्रदेश के अन्य शहर भी अपनी-अपनी क्रिकेट लीग आयोजित करने की योजना बना रहे हैं। दूसरे सीजन की रणनीति अंतिम रूप देने के लिए हाल ही में बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक हुई, जिसमें तय किया गया कि आईपीएल के समापन के बाद संभावित रूप से पांच जून से लीग की शुरुआत होगी।
इस बार भी मैदान में छह टीमें उतरेंगी, हालांकि एक-दो नई फ्रेंचाइजी को शामिल किए जाने की संभावना है, जिसकी आधिकारिक घोषणा माह के अंत तक की जाएगी। लीग को और अधिक व्यवस्थित और पेशेवर बनाने के लिए 11 सदस्यीय बोर्ड में चार नए निदेशकों को शामिल किया गया है।
नए निदेशकों में दीपक महाना, प्रणीत अग्रवाल, अतुल अग्रवाल और एडवोकेट संजय जाटव के शामिल हैं। वहीं केसीए चेयरमैन डॉ. संजय कपूर, अध्यक्ष एसएन सिंह, सचिव कौशल कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष विनय आनंद और केपीएल कमिश्नर अश्वनी कोहली अपने दायित्व निभाते रहेंगे।
पूर्व निदेशक अमित जैन और गौरव कनौडिया को भी बोर्ड में बरकरार रखा गया है। केपीएल के दूसरे सीजन को लेकर शहर के क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह चरम पर है। आयोजकों का दावा है कि यह लीग पहले से अधिक प्रतिस्पर्धी होगी और इस बार इसे दो शहरों में आयोजित करने की पूरी योजना बनाई जा रही है, ताकि दर्शकों और खिलाड़ियों दोनों के लिए अनुभव और रोमांच बढ़ सके।