हरदोई जिले के बग्गरपुरवा गांव निवासी युवक के साथ रह रही फिलीपींस के वैलीप्रांत निवासी युवती एडना ने वतन वापसी के लिए दूतावास से मदद मांगी। इस पर शुक्रवार को दिल्ली स्थित फिलीपींस दूतावास से आई टीम उसे अपने साथ ले गई। वहीं, एडना के दोस्त को पुलिस थाने में बैठाकर पूछताछ कर रही है।
फिलहाल एडना और उसके दोस्त के विरुद्ध अभी कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है। गांव बग्गरपुरवा निवासी पवन कुमार लुधियाना में एक प्राइवेट फैक्ट्री में काम करता था। इसी दौरान सोशल मीडिया पर उसकी दोस्ती एडना से हुई। दोनों के बीच मैसेज का आदान-प्रदान व बातचीत होती रही। 14 अगस्त 2019 को एडना दिल्ली पहुंची और पवन को मिलने के लिए बुलाया।
इसके बाद दोनों अलग-अलग स्थानों पर घूमते रहे और बाद में हरदोई आ गए। यहां कुछ दिन पिहानी चुंगी के पास किराए के मकान रहने के बाद यासीनपुर में एक रिश्तेदार के घर में रहे। इधर, कुछ महीने से पवन कुमार और एडना गांव बग्गरपुरवा में रह रहे थे।