सरवनखेड़ा। क्षेत्र के सैथा गांव में लंबे समय से जर्जर पड़ी 220 मीटर सड़क का अब लोक निर्माण विभाग सीसी निर्माण कराएगा। स्वीकृति मिलने के बाद इस पर रविवार से काम शुरू कराया गया है।
करीब आठ साल पूर्व लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्मित यह मार्ग, गजनेर कस्बे को जसवापुर से सीधे जोड़ता है। इस मार्ग का उपयोग सेरूवा, बखरिया, रूपपुर, खनपना, लोहारी और मनेथु सहित कई गांवों के लोग करते हैं। मार्ग पर लगातार जलभराव की समस्या बनी रहती थी, जिससे जगह-जगह बड़े गड्ढे हो गए थे। इन गड्ढों के कारण ग्रामीणों को पैदल चलना भी दूभर हो गया था। समस्या को देखते हुए ग्राम प्रधान मो. कासिम ने विभाग में शिकायत कर मार्ग के पुनर्निर्माण की मांग की थी।
इस पर विभाग ने 220 मीटर लंबी इस बदहाल सड़क पर सीसी सड़क निर्माण को हरी झंडी दे दी। करीब साढ़े आठ लाख रुपये की लागत से बनने वाली इस सीसी सड़क का निर्माण कार्य रविवार को शुरू हो गया। ग्रामीण दीपक मिश्रा और कैलाश तिवारी ने बताया कि सीसी सड़क बन जाने से आवागमन में काफी सहूलियत होगी। लोगों को अब जलभराव और गड्ढों की समस्या से निजात मिलेगी। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता साहिबे आलम ने बताया कि सीसी सड़क का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है और इसे शीघ्र पूरा कराया जाएगा।