इटावा। नवरात्र के दूसरे दिन हर ओर देवीभक्त माता ब्रह्मचारिणी की आराधना में लीन रहे। सुबह से ही लोग माता की पूजा अर्चना की तैयारी में जुट गए। घर में पूजा पाठ करने के बाद श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और माता रानी के दर्शन कर पूजा की। दूसरे दिन मंगलवार को प्राचीन कालीबांह मंदिर और कालीबाड़ी मंदिर में बड़ी संख्या में देवीभक्त पहुंचे और माता की पूजा अर्चना की। प्राचीन कालीबाड़ी मंदिर में माता दक्षिणेश्वरी देवी का विशेष शृंगार किया गया। भक्त मां के शृंगार में अलौकिक स्वरूप को देख मंत्रमुग्ध हो गए।
मंदिर पर सुबह से लेकर शाम तक मातारानी के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आना जाना लगा रहा। मंदिर के महंत स्वामी सुबोधानंद महाराज की अगुवाई में देर शाम हुई आरती में भी बड़ी संख्या में देवीभक्त शामिल हुए। इसी प्रकार से प्राचीन कालीबांह मंदिर पर भी मातारानी के दर्शन के लिए सुबह से शाम तक श्रद्धालुओं की कतारें लगी रहीं। मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं ने पहले मातारानी के दर्शन किए और इसके बाद यहां लगे मेले में खरीदारी की। मेले में सबसे ज्यादा खरीदारी बच्चों और महिलाओं ने की। जहां एक ओर बच्चे खिलौनों की खरीदारी करते दिखाई दिए तो वहीं महिलाएं पूजा सामाग्री व सौंदर्य प्रसाधन का सामान खरीदती दिखाईं दीं। कस्बा व ग्रामीण क्षेत्र में भी नवरात्र के दूसरे दिन श्रद्धालु मां की आराधना में लीन रहे। लखना के प्राचीन कालिका देवी मंदिर, बलरई में ब्रह्माणी देवी मंदिर पर भी सुबह से शाम तक देवी भक्तों का तांता लगा रहा।