कानपुर। भाजपा कौशलपुरी मंडल के मंत्री को नगर निगम समिति कक्ष में बैठाने के मामले की जांच कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र की कोर कमेटी करेगी। इसके लिए दोनों पक्षों से लिखित शिकायत मांगी गई है।
26 सितंबर को नगर निगम सदन की बैठक के दौरान वहां पहुंचे भाजपा कौशलपुरी मंडल के मंत्री मनीष ने महापौर प्रमिला पांडेय के बेटे अमित पांडेय बंटी पर उन्हें जबरन समिति कक्ष में बैठाने और स्वरूपनगर पुलिस के हवाले करने का आरोप लगाया था। बाद में उन्होंने पार्षद पवन गुप्ता के साथ जाकर पार्टी के कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष रामकिशोर साहू और उत्तरी जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित से मौखिक शिकायत की। महापौर ने भी क्षेत्रीय अध्यक्ष से मंडल मंत्री की शिकायत की। क्षेत्रीय कार्यालय में मंडल मंत्री से पूछा गया कि वे सदन की बैठक के दौरान क्यों गए थे तो वे स्पष्ट जवाब नहीं दे पाए। मामला तूल पकड़ता देख क्षेत्रीय अध्यक्ष ने दोनों पक्षों से लिखित मांगा है। क्षेत्रीय अध्यक्ष ने बताया कि महापौर और दूसरे पक्ष के लोग उनसे मिले थे। दोनों पक्षों से लिखित शिकायत मांगी है, पर किसी ने लिखकर नहीं दिया है। लिखित शिकायत मिलने पर कोर कमेटी विचार-विमर्श करेगी। इसके बाद रिपोर्ट पार्टी आलाकमान को भेजी जाएगी।