कानपुर देहात। अकबरपुर के बाढ़ापुर में हाईवे किनारे निकाय प्रशासन फूड कोर्ट विकसित करेगा। यहां होटल व ढाबा की तुलना में कम कीमत पर गुणवत्तायुक्त लजीज व्यंजन मिलेंगे। 1.20 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण कराया जा रहा है। इस साल के अंत तक काम पूरा होने की उम्मीद है।
अकबरपुर जिला मुख्यालय का नगर है। हाईवे किनारे बाढ़ापुर (दीनदयाल नगर) में नगर निकाय की जमीन है। निकाय की आय बढ़ाने के लिए खाली पड़ी इस जमीन पर 1.20 करोड़ रुपये से फूड कोर्ट विकसित करने की सहमति बनी थी। हालांकि जमीन पर अस्थायी अतिक्रमण हटवाने में कुछ समय तक काम शुरू नहीं हो सका। अब यहां सात दुकानें बनाई जा रही हैं। इनमें फूड कोर्ट का संचालन होगा।
आगे की खाली जमीन पर वाहन पार्किंग व सेल्फी पॉइंट बनाकर इसे आकर्षक बनाया जाएगा। इसका फायदा हाईवे से निकलने वाले राहगीरों को मिलेगा। यहां कम दाम में खानपान की सुविधा मिलेगी। ईओ आशीष कुमार ने बताया कि निर्माण कार्य पूरा होने पर यहां फूड कोर्ट विकसित होगा। संचालन नगर निकाय करेगा तो निकाय की आमदनी बढ़ेगी। ग्राहकों को यहां होटल व ढाबा की तुलना में लजीज व्यंजन कम दाम में उपलब्ध होंगे।