कानपुर देहात। नवागत सीएमओ ने शुक्रवार को जिले मेें कार्यभार ग्रहण कर लिया। अब उनके सामने पटरी से उतरी स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की जिम्मेदारी होगी।
कोरोना की पहली व दूसरी लहर में स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल होने के चलते करीब 70 से अधिक लोगों को जान गंवानी पड़ी थी। वहीं सैकड़ों मरीज कोविड अस्पताल में बेड न मिलने के चलते रेफर किए गए। सबसे बुरा हाल शासन से एक साल पहले भेजे गए वेंटिलेटर का रहा। जिसे तत्कालीन सीएमओ डॉ. राजेश कटियार क्रियाशील नहीं करा सके।
तमाम खामियों पर शासन ने उनका तबादला यूएचएम कानपुर में वरिष्ठ परामर्शदाता पद पर कर दिया था। जबकि कानपुर नगर के एसीएमओ डॉ. अरुण कुमार सिंह को कानपुर देहात के सीएमओ पद की जिम्मेदारी दी गई। शुक्रवार को माती पहुंचे नवागत सीएमओ ने कार्यभार ग्रहण कर लिया।
इस दौरान जिला प्रशासनिक अधिकारी विजय बहादुर सिंह, संविदा कर्मचारी संघ के जिला संयोजक रत्नेश बाजपेयी, जयराम, रविंदजीत सिंह, अंकित, अवधेश तिवारी आदि कर्मियों ने फूल-माला पहनाकर उनका स्वागत किया।
नए सीएमओ के सामने यह होगी चुनौती
जिला अस्पताल के सभी 24 वेंटिलेटर क्रियाशील कराना
सीएचसी व पीएचसी में बेहतर उपचार की व्यवस्था
कोरोना की संभावित तीसरी लहर से बचाव के समुचित इंतजाम
डॉक्टर व कर्मियों की अस्पतालों में समय से उपस्थिति
ट्रामा सेंटर, बर्न यूनिट व नए बने अस्पतालों का संचालन