झींझक। दिल्ली-हावड़ा रेल रूट पर स्थित झींझक रेलवे स्टेशन पर बीते पांच साल से कैंटीन का संचालन नहीं हो रहा है। इसके बंद रहने से ट्रेन का इंतजार करने व ट्रेन के रुकने पर सफर करने वाले यात्रियों को चाय के लिए स्टेशन के बाहर दौड़ लगानी पड़ती है। इस दौरान उनकी ट्रेन छूटने का भी डर रहता है।
ऐसे में सफर करने वाले यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार आ रही इन समस्याओं के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की तरफ से कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इससे आमजन में रोष है। रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री विभिन्न गंतव्यों के लिए सफर करते हैं। इस स्टेशन पर अप और डाउन की मेमू ट्रेनों के अलावा आगरा कैंट, मुरी एक्सप्रेस, महानंदा एक्सप्रेस, गोमती एक्सप्रेस और देहरादून एक्सप्रेस समेत कई मेल व एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव होता है।
इसके अलावा, स्थानीय व्यापारी भी अपने कारोबार के सिलसिले में रोजाना यहीं से यात्रा करते हैं। स्टेशन परिसर में कैंटीन का संचालन न होने के कारण यात्रियों को खानपान की वस्तुएं खरीदने के लिए प्लेटफॉर्म से फुटओवर ब्रिज के रास्ते नीचे उतरकर बाहर दुकानों तक जाना पड़ता है। ट्रेन छूटने के डर के बीच यह आवाजाही यात्रियों के लिए जोखिम भरी साबित हो सकती है। इस व्यवस्था से सबसे अधिक परेशानी महिलाओं और छोटे बच्चों के साथ सफर करने वाले परिवारों को उठानी पड़ती है।
.................
यात्रियों के बोल-
स्टेशन परिसर में कैंटीन न होने से यात्रा के दौरान खाने-पीने की वस्तुएं खरीदने के लिए बार-बार प्लेटफॉर्म से होकर बाहर जाना पड़ता है, इससे ट्रेन छूटने का अंदेशा बना रहता है।
अभिषेक गुप्ता, भोलानगर
.....................
स्टेशन पर खानपान की उचित सुविधा न होने से यात्रियों को जरूरी वस्तुएं आसानी से नहीं मिल पाती हैं। बच्चों के साथ यात्रा करने पर यह समस्या और अधिक गंभीर हो जाती है।
सौरभ त्रिपाठी, नेहरू नगर
................
बयान....
स्टेशन परिसर में कैंटीन का टेंडर मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) कार्यालय प्रयागराज के माध्यम से होता है। उच्च स्तर पर टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्टेशन पर कैंटीन का संचालन दोबारा शुरू हो सकेगा। - धर्मेंद्र कुमार, स्टेशन अधीक्षक