कानपुर। रावतपुर में बुधवार देर रात कैब चालक ने पुलिस को लूट की सूचना दी। पुलिस ने जांच की तो मामला दुर्घटना का निकला। गाड़ी और उसके खिलाफ कोई कार्रवाई न हो जाए इसलिए चालक ने लूट की फर्जी कहानी तैयार कर दी। चालक कैब से एक युवक को टक्कर मारकर आया था।
रावतपुर के विनायकपुर में कैब चालक सुहैल ने बुधवार देर रात अपने साथ लूट होने की सूचना पुलिस को दी तो हड़कंप मच गया। उसने बताया कि बाइक सवार दो युवकों ने कार के आगे बाइक लगा दी। रोककर पीटने लगे और जेब में पड़े पांच हजार रुपये और मोबाइल लूट लिया। रावतपुर पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। आसपास लोगों से पूछताछ की और सीसीटीवी फुटेज देखे। कहीं कोई सुराग नहीं मिला।
पुलिस ने जब सख्ती से चालक से पूछताछ की तो चालक ने एक्सीडेंट की बात कहते हुए बताया कि वह शुभम नाम के युवक को टक्कर मारकर आया है। उसे हैलेट में भर्ती कराया गया। आरोपी ने बताया कि दुर्घटना के बाद गाड़ी और उसके खिलाफ कोई कार्रवाई न हो इसलिए लूट की झूठी सूचना पुलिस को दी। रावतपुर थाना प्रभारी केके मिश्रा ने बताया कि लूट की झूठी सूचना देने पर आरोपी चालक पर कार्रवाई कर जेल भेज दिया गया।