कानपुर। जाजमऊ गंगा पुल की बेयरिंग बदलने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचआई) एक सितंबर से तीन माह का ब्लॉक लेने की तैयारी में है। इस पर अंतिम मुहर सोमवार को लगेगी क्योंकि रूट डायवर्जन के लिए अभी तक उन्नाव प्रशासन की रजामंदी नहीं मिल सकी है। जाजमऊ पुल, कानपुर और उन्नाव के बीच सबसे महत्वपूर्ण संपर्क मार्गों में है। एनएचआई अब लखनऊ से कानपुर की ओर आने वाले करीब 700 मीटर लंबे पुल की बेयरिंग बदलवाने का काम शुरू कराने जा रहा है। तीन माह के ब्लॉक के दौरान रूट डायवर्जन करना पड़ेगा। परियोजना निदेशक पंकज यादव ने बताया कि कानपुर और लखनऊ से हरी झंडी मिल गई है लेकिन उन्नाव से अभी नहीं मिली है। रविवार को इस संबंध में बैठक होनी थी लेकिन अब सोमवार सुबह 11 बजे होगी। उसके बाद ही रूट डायवर्जन फाइनल होगा। संवाद