कानपुर। किदवई नगर स्थित ओ ब्लॉक के गुरुद्वारा बाबा नामदेव में गुरु रामदास जी का प्रकाश आगमन पर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित गुरमत समागम में काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने माथा टेककर आशीर्वाद लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत रागी कुलविंदर सिंह के शबद-कीर्तन से हुई। उन्होंने गुरु रामदास तेरी सरनि और धन-धन रामदास गुरु जिनि सिरिआ तिनहि सावरिआ वाणी का गायन कर संगत को निहाल किया। दिल्ली से आए परविंदर सिंह के जत्थे ने कीर्तन के माध्यम से गुरु रामदास जी के जीवन और उनके योगदान पर प्रकाश डाला। धन गुरु रामदास जी, रखी गरीब की लाज जी, करि ना किसी दा मुहताज जी शबद गायन कर नाम सिमरन कराया गया।
कार्यक्रम में अरोड़ा परिवार, गुरुद्वारा समिति और शहर के विभिन्न गुरुद्वारों से आए स्त्री सत्संग जत्थों को सम्मानित कर उपहार भेंट किए गए। यंग मैन एसोसिएशन के सेवादारों ने पूरी निष्ठा से जोड़ों की सेवा निभाई। अंत में लंगर का आयोजन किया गया।