कानपुर। महाराजपुर थानाक्षेत्र के डोमनपुर के मजरा बहादुरखेड़ा में बुधवार की सुबह पिकअप से कुचले मासूम अभिनव का शव गुरुवार सुबह पुलिस की मौजूदगी में दफनाया गया। एफआईआर में चालक का नाम न दर्ज करने पर परिजनों ने हंगामा किया।
तीन वर्षीय मासूम अभिनव को खोने के बाद मां प्रेमलता बेसुध और बेहाल हो गई। घटना के बाद से बदहवास मां अपने बच्चे का नाम लेकर गांव में इधर-उधर भागती नजर आईं। गुरुवार सुबह पुलिस फोर्स की मौजूदगी में मासूम का शव डोमनपुर घाट ले जाया गया। महाराजपुर थाना प्रभारी संजय कुमार पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। अब चालक अरुण का नाम बढ़ाकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। बता दें, बुधवार को घर के बाहर अभिनव के साथ अन्य बच्चे खेल रहे थे, तभी पड़ोस में आम देने आया चालक पिकअप को बैक करने लगा। इस दौरान अभिनव की पहिए के नीचे कुचलकर मौत हो गई थी।