कानपुर। बाबूपुरवा में मंगलवार दोपहर डाॅक्टर दंपती के घर में घुसकर चोरी की घटना को 15-16 साल के चार किशोरों ने अंजाम दिया था। इन सभी को बाबूपुरवा पुलिस ने गुरुवार सुबह उनके घर से पकड़ कर इटावा स्थित बाल सुधार गृह भेज दिया। आरोपियों के पास से चोरी हुई ज्वैलरी और रुपये भी बरामद हो गए हैं।
बाबूपुरवा इंस्पेक्टर अरुण कुमार द्विवेदी ने बताया कि घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे देखने के बाद चार संदिग्ध किशोर दिखे थे। चोर घर में पीछे के रास्ते दाखिल हुए थे। फुटेज के आधार पर इलाके में ही रहने वाले आरोपियों की पहचान कर उनको पकड़ा गया। आरोपियों ने चोरी की बात स्वीकारी। साथ ही उनकी निशानदेही पर चोरी का माल बरामद हो गया है। घटना में पकड़े गए किशोर पहले भी चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं।