कानपुर। गुजैनी थानाक्षेत्र में सोमवार को पांडु नदी में मिला शव बर्रा पांच पेंटर बृजेंद्र शर्मा (75) का था। वह शनिवार शाम से लापता थे। परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताई है। पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने पर बिसरा सुरक्षित रखा गया है।
बृजेंद्र के बेटे आशु ने बताया कि पिता अक्सर रास्ता भूल जाते थे। शनिवार शाम वह घर से दोस्त की दुकान जाने की बात कह कर निकले थे, लेकिन काफी देर तक नहीं लौटे। पत्नी किरण उन्हें ढूंढते हुए दुकान पर पहुंची तब वह वहीं थे। बहू के कहने पर वह उसके पीछे-पीछे घर के लिए चल दिए।
हालांकि वहां से वह किसी और गली में मुड़ने की वजह से गुम हो गए। पत्नी ने उन्हें फोन करके सूचना दी तो वह भी पिता की तलाश करते रहे, लेकिन पता नहीं चला। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। इस बीच पांडु नदी में शव मिलने की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुईं थीं जिन्हें देखकर दोस्तों ने शव मिलने की सूचना दी।
उन्होंने आशंका जताई कि जिस जगह पर पिता का शव मिला है। वह जगह उनके घर से करीब पांच किमी दूर है। साथ ही गुम होने के वक्त पिता पैंट शर्ट पहने थे, लेकिन शव पर सिर्फ अंडरवियर और बनियान था। गुजैनी थाना प्रभारी विनय तिवारी ने बताया कि पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताई है। सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है।